डीएम की चिट्ठी के बावजूद नहीं टला राहुल गांधी का अमेठी दौरा
अमेठी। काफी सियासी घमासान के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं अमेठी सांसद राहुल गांधी के अमेठी दौरे पर आखिर मुहर लग गई है। अमेठी डीएम योगेश कुमार ने सोमवार को कहा कि दुर्गापूजा, मोहर्रम और गांधी जयंती के कारण हमने सुरक्षा कारणों से गोपनीय पत्र में आग्रह किया था कि राहुल गांधी का दौरा टाल दिया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर से राहुल गांधी का दौरा प्रस्तावित है, हम उनका स्वागत करते हैं। हमारे पास जो भी सुरक्षा है, वह उन्हें मुहैया कराई जाएगी।

4 से 6 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है दौरा
इससे पहले अमेठी के सांसद और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को टालने के लिए डीएम और एसपी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखा था। जिला प्रशासन की ओर से मिले इस पत्र के बाद कांग्रेस पार्टी बिफर गई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन राहुल गांधी को अपने घर आने से रोकना चाहता है। दरअसल, इस पत्र के अनुसार 30 सितम्बर को एसपीजी निदेशक की तरफ से अमेठी जिला प्रशसन को सूचना दी गई कि सांसद राहुल गांधी का 4 से 6 अक्टूबर तक भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष को प्रशासन ने लिखा था ये
जवाब में अमेठी के डीएम योगेश कुमार और एसपी पूनम की तरफ से कांग्रेस के अमेठी जिला अध्यक्ष को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें बताया गया है कि दुर्गा पूजा, दशहरा एवं मोहर्रम का त्योहार 5 अक्टूबर तक जनपद के कई स्थानों पर संपन्न होगा। इसे देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले का अधिकांश पुलिस बल ड्यूटी में व्यस्त रहेगा। इस कारण सांसद राहुल गांधी के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में काफी असुविधा होगी। जिला प्रशासन की ओर से पत्र में अनुरोध किया गया कि इस भ्रमण कार्यक्रम को 5 अक्टूबर के बाद किसी अन्य तारीख को अपने स्तर से नियत करने का कष्ट करें।












Click it and Unblock the Notifications