राहुल के रोड शो के बाद अगले महीने से प्रियंका गांधी के हाथों में यूपी की कमान
लखनऊ। राहुल गांधी के किसान मार्च के बाद उत्तर प्रदेश की कमान प्रियंका गांधी संभालेंगी। प्रियंका अगले साल यूपी में होने वाले चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रियंका गांधी यूपी के मिशन को रफ्तार देंगी।

इलाहाबाद से शुरु होगा अभियान
प्रियंका गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी के जन्मदिन के मौके पर इलाहाबाद से अपना अभियान शुरु करेंगी। सूत्रों की मानें तो प्रियंका सबसे पहले उन जगहों पर जाएगी जहां कांग्रेस पिछली विधानसभा चुनाव में पहले या दूसरे स्थान पर आई थी।
फिर से उठेगा रोहित वेमुला का मुद्दा
सूत्रों की मानें तो हैदराबाद के दलित छात्र रोहित वेमुला के मुद्दे को वह एक बार फिर से उठा सकती हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी दलितों को मुद्दे को विभिन्न मंचों पर आगे बढ़ाएंगे।
पार्टी के पास है किसानों का मुद्दा
जिस तरह से राहुल गांधी ने यूपी में किसान मार्च निकाला है उसने प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ताओं को किसानों का भी मुद्दा दे दिया है। ऐसे में पार्टी हर हाल में किसानो के मुद्दे को भी आगे भुनाना चाहेगी।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा के बाद कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और अब प्रियंका गांधी प्रदेशभर में प्रचार अभियान के लिए जाएंगी।
पारिवारिक व्यस्तता की वजह से बदला कार्यक्रम
पहले पार्टी की रणनीति थी कि राहुल और प्रियंका को एक साथ मैदान में उतारा जाएगा लेकिन प्रियंका की घर की जिम्मेदारी को देखते हुए इस रणनीति को टाल दिया गया। प्रियंका के लिए लगातार रोड शो करना काफी मुश्किल होता जिसके चलते राहुल के रोड शो में प्रियंका को अलग रखा गया।
कई जनसभाओं को करेंगी संबोधित
लेकिन अब इस बात का फैसला लिया गया है कि प्रियंका गांधी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। वह चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा करेंगी, जहां पर पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा था। पार्टी का मानना है कि प्रियंका के अभियान से लोगों में नया उत्साह भरेगा।
2012 में पार्टी की दुर्दशा है बड़ी चुनौती
2012 में कांग्रेस ने कुल 355 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसे सिर्प 28 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। पार्टी के सात विधायकों ने पिछले कुछ ही महीनों के भीतर भाजपा, सपा और बसपा का दामन थाम लिया है।
10 अन्य संसदीय क्षेत्रों में भी जाएंगी
इससे पहले तक प्रियंका रायबरेली औऱ अमेठी की विधानसभा सीटों पर ही ध्यान दे रही थी जहां से राहुल और सोनिया सांसद हैं। लेकिन इस बार वह ना सिर्फ इन दोनों संसदीय क्षेत्र बल्कि 10 अन्य संसदीय क्षेत्रों में प्रचार करेंगी।
हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अंतिम फैसला प्रियंका गांधी ही लेंगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयारियां करने को कह दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications