यूपी बोर्ड पेपर लीक: CM योगी पर फिर बरसी प्रियंका, बोलीं- दिखावटी कदमों के अलावा कुछ और नहीं कर रही है सरकार
यूपी बोर्ड पेपर लीक: CM योगी पर फिर बरसी प्रियंका, बोलीं- दिखावटी कदमों के अलावा कुछ और नहीं कर रही है सरकार
लखनऊ, 01 अप्रैल: 30 मार्च को यूपी बोर्ड 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया था। पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसटीएफ वाराणसी यूनिट ने अब तक बलिया जिले के डीआईओएस ब्रजेश मिश्रा और एक पत्रकार समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तो जहां, नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने को लेकर योगी सरकार को झटका लगा है वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फिर योगी सरकार पर बरस पड़ी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी बोर्ड पेपर लीकर होने के मामले में एक बार फिर योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। शुक्रवार 01 अप्रैल को ट्वीट करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा,
भाजपा सरकार को उप्र में 'पेपर लीक पर चर्चा' करनी चाहिए। पिछले साल 28 नवंबर को यूपी टीईटी पेपर लीक से लाखों युवाओं को आघात लगा था। एक्शन के नाम पर दिखावटी कदमों के अलावा कुछ नहीं हुआ। यूपी के युवा आजतक नहीं जान पाए कि यूपी सरकार के किस भ्रष्ट तंत्र ने पेपर लीक को अंजाम दिया? नतीजतन, एक और पेपर लीक।
प्रियंका गांधी ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा,
इस बार भी सरकार दिखावटी कदमों के अलावा कुछ और नहीं कर रही है। पेपर लीक की खबर लिखने वाले पत्रकार को जेल भेजा जा रहा है। लेकिन, पेपर लीक करने वाला तंत्र सरकार में पैठ जमाए बैठा है। उस पर न कोई बुलडोजर चलता है, न कोई बदलाव आता है।
इससे पहले 30 मार्च को प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा था कि भाजपा सरकार के परीक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रियंका गांधी ने लिखा,
यूपी बोर्ड 12 वीं का आज होने वाला अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया और परीक्षा रद्द करनी पड़ी। 15 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक वाली भाजपा सरकार के परीक्षा तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। यूपी के युवा नहीं चाहते कि उनका प्रदेश पेपर लीक जैसी चीजों के लिए जाना जाए। सरकार को इस दिशा में गंभीर व टिकाऊ कदम उठाने होंगे।
अंग्रेजी का पेपर हुआ है लीक
30 मार्च को होने वाली यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर करीब 24 जिलों में लीक हो गया था। अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। तो वहीं, अब यूपी सरकार ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बलिया के डीआईओएस ब्रजेश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लिया गया था। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करतो हुए ब्रजेश मिश्रा और एक पत्रकार समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications