'रखी गई हैं प्री-वोटिंग लोडेड EVM', सपा सांसद के दावे के बाद कंट्रोल रूम पहुंची टीम, खुल गई पोल?
Mirzapur by-election: विधानसभा उपचुनाव का प्रचार समाप्त हो गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश में 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान से पहले उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के मझवां विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी द्वारा गंभीर आरोप लगाया गया।
समाजवादी पार्टी द्वारा मझवां विधानसभा में उपचुनाव के दौरान चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह द्वारा सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए यह आरोप लगाया गया कि स्ट्रांग रूम के बगल में नींबू के पेड़ के पास एक कमरे में 36 प्री-वोटिंग लोडेड EVM रखी गई हैं।

वीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनको सूत्रों से पता चला है कि स्ट्रांग रूम के कमरे के पास ईवीएम रखी गई हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ चुनिंदा पुलिस अधिकारियों की गोपनीय मीटिंग हुई है। जिसमें यह तय हुआ है कि सपा बाहुल्य वोट वाले गांव में पोलिंग पर व्यवधान डाला जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस करने के बाद वीरेंद्र सिंह द्वारा इस मामले में निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भी दिया गया। ज्ञापन दिए जाने के बाद उन्होंने अपनी आशंका दूर करने की मांग भी की। वीरेंद्र सिंह द्वारा लगाए गए आरोप को निर्वाचन अधिकारी द्वारा गंभीरता से लिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी पार्टी के लोगों को बुलाया
इस मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन द्वारा चुनाव लड़ रही सभी पार्टियों के लोगों को बुलाया गया और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कराया गया। इस दौरान स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी दिखाया गया।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि हर स्थान पर सीसीटीवी फुटेज लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी फुटेज से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा यह भी बताया गया कि आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं। निरीक्षण के दौरान कहीं भी प्री वोटिंग लोडेड ईवीएम नहीं मिले। निरीक्षण के दौरान सभी पार्टियों के नेताओं के साथ ही जिलाधिकारी, एडीएम और एसडीएम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications