Prayagraj Cold Storage Collapses: कोल्ड स्टोरेज हादसे में हिरासत में सपा नेता, अधिकारी सस्पेंड, 7 के खिलाफ FIR
Prayagraj Cold Storage Collapses: प्रयागराज के फाफामऊ में हुए दर्दनाक 'आदर्श कोल्ड स्टोरेज' हादसे ने पूरे प्रशासन को हिला कर रख दिया है। मलबे में दबने से 4 मजदूरों की मौत और 14 के घायल होने के बाद अब सरकार और पुलिस एक्शन मोड में है।
इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक और सपा नेता अंसार अहमद (Ansar Ahmad) को हिरासत में ले लिया है, वहीं विभागीय लापरवाही के चलते जिला उद्यान अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। आइए जानतें हैं पूरे घटनाक्रम में अब तक क्या-क्या हुआ?

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
23 मार्च यानि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में स्थित 'आदर्श कोल्ड स्टोरेज' का एक जर्जर हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। स्ट्रक्चर गिरने के साथ ही स्टोरेज टैंक से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन में भी चुनौतियां आईं।
14 घायल मजदूरों का इलाज जारी
एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर अब तक 18 लोगों को मलबे से बाहर निकाला है। इस हादसे में 4 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 14 घायल मजदूरों का इलाज स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में चल रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी निलंबित
हादसे की सूचना मिलते ही यूपी सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
- लापरवाही पर एक्शन: मंत्री ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाते हुए जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए।
- जांच के आदेश: मंत्री ने स्पष्ट किया कि जर्जर बिल्डिंग को लाइसेंस कैसे मिला और इसके रिन्यूअल में क्या खेल हुआ, इसकी गहन जांच की जाएगी।
सपा नेता और उनका बेटा हिरासत में, 7 पर FIR
पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार देर रात ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। कोल्ड स्टोरेज के मालिक और सपा नेता अंसार अहमद को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
- FIR की धाराएं: कुल 7 नामजद और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
- मजिस्ट्रेट जांच: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने ADM (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह को जांच सौंपी है, जो 2 दिन में प्रारंभिक और 7 दिन में विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगी।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- 1. ज्योविश कुमार (22 वर्ष) - सहरसा, बिहार
- 2. जगदीश कुमार (42 वर्ष) - प्रयागराज, यूपी
- 3. मनोज उर्फ बिल्लर चौधरी (36 वर्ष) - सहरसा, बिहार
- 4. मसिन्दर कुमार (19 वर्ष) - सहरसा, बिहार
सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है:
- मृतकों के परिजन: 2-2 लाख रुपये।
- घायलों के लिए: 50-50 हजार रुपये।












Click it and Unblock the Notifications