नाबालिग लड़का 5 साल की बच्ची को आम खिलाने के बहाने ले गया, रेप के बाद शव को नाली में छुपाया
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में तीन दिन पहले पांच वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव मिला था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए गांव के ही एक नाबालिग किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आम खिलाने का लालच देकर आरोपी किशोर ने मासूम के साथ रेप किया और हत्या कर शव को नाली में छुपा दिया था। पुलिस ने आरोपी युवक को किशोर न्यायालय भेज दिया है।

घटना सुल्तानपुर नगर कोतवाली के गांव की है। 29 मार्च को गांव से बाहर जंगल में एक 5 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से हड़कम्प मच गया था। शव को देखने से ऐसा लग रहा था कि बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बच्ची की शिनाख्त की और गांव में ही पूछताछ शुरू की तो एक बच्चे से पता चला की अंतिम बार बच्ची को गांव के ही नाबालिग किशोर अच्छन के साथ देखा गया था।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने पहले रेप और उसके बाद बच्ची की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। क्षेत्राधिकारी लम्भुआ मुकेश उत्तम ने बताया कि आरोपी किशोर मासूम बच्ची को पास के ही जंगल में पेड़ से आम तोड़ कर खिलाने के बहाने ले गया था। बताया कि किशोर ने पहले बच्ची से रेप किया और उसके बाद हत्या कर शव को नाली में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस अब आरोपी किशोर को किशोर न्यायालय भेज रही है।












Click it and Unblock the Notifications