VIDEO: खून से गंदी ना हो जाए गाड़ी इसलिए पुलिस ने सड़क पर ही तड़पता छोड़ दिया, हुई मौत
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में यूपी पुलिस की निर्दयता का हालिया मामला सामने आया है। यहां एक सड़क हादसे में दो किशोरों की माौत हो गई। मरने से पहले घायल अवस्था में पड़ा एक किशोर डायल 100 के पुलिस कर्मियों से गुहार लगाता रहा है कि उसे अस्पताल पहुंचा दिया जाए, लेकिन डायल 100 वाहन के सिपाहियों ने वाहन के खून से गंदा होने का बहाना बनाकर सड़क पर ही तड़पने के लिए छोड़ दिया, जिससे उसे समय से उपचार नहीं मिल सका और उसकी भी मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डायल 100 पर तैनात सिटी कोतवाली के तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इस दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा घायल को न उठाए जाने को लेकर हुई बहस की किसी ने वीडियो रिकार्डिंग कर ली, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

सिटी कोतवाली क्षेत्र के सेतिया विहार, नुमाईश कैंप निवासी कपड़ा कारोबारी राकेश खुराना का 15 वर्षीय पुत्र वहीं के रहने वाले अपने साथी 16 वर्षीय सन्नी के साथ किसी काम से बीती रात करीब 12 बजे अपने घर से निकला था और लिंक रोड होते हुए जा रहा था। लिंक रोड पर आशा गोयल नर्सिंग होम के पास अचानक बाइक के ब्रेक लगाए जाने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक सवार दोनों किशोर नाले में जा गिरे। इससे अर्पित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल सन्नी सड़क पर पड़ा रहा और उसने किसी तरह से डायल 100 को फोन किया। इस फोन पर डायल 100 का वाहन मौके पर पहुंच तो गया, लेकिन सिपाहियों ने घायल को अस्पताल में गंवारा नहीं समझा।

यहां पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यह कहते सुना जा रहा है कि पुलिस वालों कम से कम घायल को अस्पताल तो पहुंचा दो, लेकिन पुलिस वालों ने वाहन के रक्त के कारण खराब होने का बहाना बनाकर न तो मृतक को अपनी गाड़ी में डाला और न ही घायल को अस्पताल पहुंचाया। किसी तरह से परिजनों को जानकारी लगी तो वह क्षेत्रवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सन्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। वायरल वीडियो को देख पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई करते हुऐ डायल 100 पर तैनात तीनों सिपाहियों-हेड कांस्टेबल इंद्रपाल सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल चालक मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications