PM और CM पर की थी अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इटावा। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ा। आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बता दें कि वीडियो देखने के बाद भाजपा नेता ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
सपा सरकार में सैफई क्षेत्र के ग्राम नगला वर्माजीत में बनाए गए विद्युत सबस्टेशन के सामने खड़े होकर पिंकू पुत्र मिलाप सिंह निवासी ग्राम नगला वर्माजीत ने वीडियो बनाकर सोशल मीडियो पर डाला था। उसने वीडियो में कहा है कि जब अखिलेश यादव ने सैफई क्षेत्र में इतना बड़ा विद्युत सबस्टेशन बनवा दिया तो प्रदेश के मुख्यमंत्री बिजली क्यों नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री पर भी टिप्पणी की थी। उसने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की वीडियो में तारीफ भी की। बता दें कि यह वीडियो करीब दो महीने पूराना बताया जा रहा है।
इस पर भाजपा नेता मनीष यादव पतरे ने एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी से शिकायत की। एसएसपी ने उसकी तहरीर पर सैफई थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पिंकू के खिलाफ गाली गलौज, जान माल की धमकी, धोखाधड़ी व आईटी एक्ट की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे करहल मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया।