PNB की ग्रेटर नोएडा शाखा का चीफ मैनेजर गिरफ्तार, 400 करोड़ के घोटाले में था नाम
गाजियाबाद, 9 मार्च: 400 करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक लोन घोटाले में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है, जहां मंगलवार को पीएनबी की ग्रेटर नोएडा शाखा के चीफ मैनेजर को गिरफ्तार किया गया। उसके ऊपर घोटाले के मुख्य आरोपी लक्ष्य तंवर के साथ मिलीभगत का आरोप लगा है। इस कार्रवाई को गाजियाबाद पुलिस ने अंजाम दिया है।

मामले में पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने कहा कि लोन घोटाले की जांच कर रहे एक विशेष जांच दल ने मुख्य प्रबंधक उत्कर्ष कुमार को ग्रेटर नोएडा में बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया। वो पहले पीएनबी की चंद्रनगर शाखा में तैनात था। इन्हीं सब लोगों की मदद से तंवर ने जाली दस्तावेज तैयार किए और 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का लोन ले लिया। इससे पहले पुलिस ने बैंक के सहायक महाप्रबंधक राम नाथ मिश्रा और प्रबंधक प्रियदर्शनी को भी गिरफ्तार किया था।
एसपी के मुताबिक तंवर के खिलाफ धोखाधड़ी के 39 मामले दर्ज हैं, जबकि उत्कर्ष के खिलाफ 12 मामले हैं। एसआईटी लगातार संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घोटाले में मिलीभगत करने वाले बैंक के कुछ पूर्व कर्मचारियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तंवर की गिरफ्तारी पहले हुई थी, जिसके बाद गाजियाबाद प्रशासन ने उसकी अचल संपत्ति को कुर्क कर ली। अब उसके खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में मामला चल रहा है।
ऐसे सामने आया था घोटाला
आपको बता दें कि अगस्त 2020 में शिवम नाम का एक शख्स जीटी रोड कोलवाली पहुंचा था। वहां पर उसने तंवर, उसकी पत्नी समेत कई बैंक कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही आरोप लगाया कि तंवर ने उसके नाम पर 1.33 करोड़ रुपये की दो संपत्तियां और बैंक से 4 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। बाद में पता चला कि शिवम और तंवर के अच्छे संबंध थे। उसने अपने आप को बचाने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, क्योंकि बैंक ने उसे वसूली का नोटिस भेजना शुरू कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications