'कांग्रेस के दौर में सिर्फ 5 शहर, हमारे राज में 25 पार, मेरठ में PM मोदी ने मेट्रो के बहाने विपक्ष को धोया!
PM Modi Visit Meerut: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानि रविवार को मेरठ का दौरा किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री ने लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मेरठ की ऐतिहासिक धरती से मोदी सरकार ने न केवल विकास की नई पटरी बिछाई, बल्कि कांग्रेस के शासनकाल पर भी प्रधानमंत्री ने तीखा हमला बोला।
मेरठ मेट्रो और नमो भारत कॉरिडोर का लोकार्पण करते हुए पीएम मोदी ने साफ कहा कि 2014 से पहले देश की रफ्तार को जानबूझकर धीमा रखा गया था। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय में मेट्रो का विस्तार बेहद सुस्त था।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में मेट्रो सिर्फ 5 शहरों तक सीमित रही, जबकि बीजेपी सरकार के मात्र 11-12 सालों में आज 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो दौड़ रही है। प्रधानमंत्री ने गर्व से घोषणा की कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की खासियतें
प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे पूरे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को जनता को सौंपा। इसमें दो महत्वपूर्ण सेक्शन का उद्घाटन शामिल है:
- दिल्ली सेक्शन: सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का हिस्सा।
- यूपी सेक्शन: मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का हिस्सा।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड वाली यह ट्रेन साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों को दिल्ली से जोड़ेगी।
सराय काले खां मल्टी-मोडल हब
इस कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन 'सराय काले खां' एक मल्टी-मोडल हब के रूप में विकसित किया गया है। यह हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय ISBT और रिंग रोड को एक साथ जोड़ेगा। मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम जैसे तीन नए नमो भारत स्टेशन भी चालू हो जाएंगे।
मेरठ मेट्रो होगी देश की सबसे तेज मेट्रो
एक अनोखी पहल के तहत मेरठ मेट्रो को नमो भारत के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ही चलाया जाएगा। यह 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी। पूरा सफर, सभी ठहरावों के साथ, महज 30 मिनट में पूरा होगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली और मेरठ के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।












Click it and Unblock the Notifications