'हमें न्याय चाहिए,आपने भी अपने दादी को खोया है', पहलगाम हमले में मारे गए शुभम के पिता ने राहुल से लगाई गुहार
Rahul Gandhi meets Shubham Dwivedi's family: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिजनों से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना देते हुए शुभम के पिता के पास पहुंचे और पूछा कि आपको मुझसे क्या मदद चाहिए?
राहुल गांधी के इस सवाल के जवाब में शुभव द्विवेदी के पिता ने नम आंखों से आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की याद दिलाते हुए कहा, 'आपने आंतकवाद का दर्द देखा है। इसलिए सरकार पर दबाव बना आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाइए।'

इतना ही नहीं, शुभम के पिता ने नम आंखों से आगे कहा कि अगर आज आपकी दादी इंदिरा गांधी जिंदा होतीं, तो यह नहीं होता। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी ने शुभम के पिता से कहा कि हमने बलिदानियों के लिए विशेष सत्र बुलाकर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। आप गर्व से शुभम को याद करिए।
बता दें कि राहुल गांधी ने शुभम द्विवेदी के परिजनों को सांत्वना देते हुए तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर शेयर की है। साथ ही लिखा, 'पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिजनों से आज मुलाक़ात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दुःखद घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है।'
राहुल गांधी ने आगे लिखा कि आतंकियों के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से संयुक्त विपक्ष ने सरकार को पूरा समर्थन दिया है और संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। आपको बता दें कि इस दौरान राहुल गांधी ने एक-एक करके सभी परिजनों की बातें सुनीं।
शुभम की पत्नी से पूछा सवाल
शुभम की पत्नी ऐशान्या राहुल गांधी से बात करते हुए भावुक हो गई और रोने लगीं तो उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान राहुल गांधी ने पूछा, कितने लोग थे। पीड़ित परिवार ने जवाब देते हुए कहा, हम 11 में पांच लोग ऊपर गए थे। शुभम के पिता संजय ने राहुल गांधी को बताया आतंकियों ने पहली गोली बेटे को मारी।












Click it and Unblock the Notifications