संगठन की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे योगी कैबिनेट के 43 मंत्री, जानिए किसने पूरा किया टास्क
लखनऊ, 7 मई: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद यूपी में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में एक जंबो मंत्रिमंडल का गठन किया गया था। इसमें 52 मंत्री शामिल थे। चुनाव समाप्त होने के बाद बीजेपी ने इन मंत्रियों को माइक्रो डोनेशन का टास्क पकड़ाया था लेकिन योगी की कैबिनेट में 25 फीसदी से कम मंत्री ही इसे पूरा कर पाए हैं। यानी भाजपा के माइक्रो डोनेशन अभियान में तय लक्ष्य को पाने में भाजपा के ज्यादातर मंत्री फेल हो गए हैं। हालांकि संगठन ने माइक्रोडोनेशन की तारीख और बढ़ा दी है जिससे नाकाम हुए मंत्रियों के लिए एक और मौका रहेगा।

सिर्फ 9 मंत्रियों ने पूरा किया टास्क, केशव रहे सबसे उपर
भाजपा के 52 मंत्रियों में से केवल नौ ने ही अब तक तय लक्ष्य को प्राप्त किया है। इनके नामों को महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सोशल मीडिया पर प्रचारित किया है. लक्ष्य हासिल करने वालों में प्रदेश के नौ और केंद्र के तीन मंत्री शामिल हैं। प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री के अलावा सात अन्य मंत्री माइक्रो डोनेशन के कम से कम 6000 लोगों को जोड़ने के अभियान को सफल बना पाए हैं। इस अभियान में बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य पहले नंबर पर हैं। उउनके साथ इसमें आठ मंत्री और शामिल हैं।

डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ था यह अभियान
बीजेपी के माइक्रो डोनेशन अभियान का आगाज करीब डेढ़ महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश में और केंद्रीय स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था। इस अभियान में सभी पदाधिकारियों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए। केंद्रीय मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के लिए छह हजार लोगों को जोड़ने का टारगेट फिक्स किया गया। इस अभियान में जोश और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश में महामंत्री संगठन सुनील बंसल समय-समय पर कुछ नामों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से प्रचारित करते रहते हैं।

9 मंत्री ही संगठन की परीक्षा में पास हुए
उत्तर प्रदेश और केंद्र के 12 मंत्रियों के नाम शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए। ये वो लोग हैं जिन्होंने 6000 लोगों को माइक्रो डोनेशन अभियान के तहत जोड़ा है। इस माइक्रो डोनेशन अभियान में 5 से 1000 रुपए तक का दान भारतीय जनता पार्टी के लिए करवाना है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मंडल में कुल 52 मंत्री शामिल हैं. इनमें से केवल 9 मंत्री ही सुनील बंसल की परीक्षा में पास हुए हैं।

इन मंत्रियों ने हासिल किया लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वरिष्ठ मंत्री बेबी रानी मौर्य, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री नितिन अग्रवाल, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार और राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का नाम भी लक्ष्य हासिल करने वालों की सूची में शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications