नोएडा: कोर्ट से श्रीकांत त्यागी को लगा झटका, जमानत याचिका हुई खारिज
नई दिल्ली, 2 सितंबर: नोएडा गालीकांड के मुख्य आरोपी श्रीकांत त्यागी को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है, जहां शुक्रवार को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। नोएडा पुलिस ने त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगाया था। साथ ही सुनवाई के दौरान उसकी केस डायरी पेश की, जिसमें उसके खुलाफ कुल 9 मुकदमों का जिक्र था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने उसे जमानत देने से इनकार कर दिया, जिस वजह से वो अभी सलाखों के पीछे ही रहेगा।
Recommended Video

दरअसल श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की एक सोसायटी में महिला के साथ गाली-गलौज की थी। जिसके बाद उसका वीडियो वायरल हुआ। घटना के बाद से ही त्यागी फरार हो गया था, ऐसे में नोएडा पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम रख दिया। साथ ही उसको पकड़ने के लिए 12 टीमें लगाईं। बाद में वो मेरठ से गिरफ्तार हुआ। तब से वो जेल में ही है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब त्यागी की क्राइम कुंडली खंगाली तो उसके खिलाफ कई पुराने केस भी मिले। पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट को बताया कि श्रीकांत पर तीन नए और 6 पुराने केस हैं। बीते हफ्ते भी इस केस की सुनवाई हुई थी, तब उसे 3 मामलों में जमानत दे दी गई थी। अब गैंगस्टर एक्ट को लेकर सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी।
त्यागी समाज है नाराज
आपको बता दें कि जब से श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी हुई है, तब से इस मामले में राजनीति शुरू हो गई है। एक ओर सोसायटी वाले महिला के समर्थन में हैं तो वहीं दूसरी ओर नोएडा और उसके आसपास के जिलों के त्यागी समाज के लोग श्रीकांत के पक्ष में हैं। हाल ही में त्यागी समाज की एक रैली हुई थी, जिसमें सांसद महेश शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। त्यागी समाज के नेताओं के मुताबिक श्रीकांत को कानून के हिसाब से सजा मिले, उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन पुलिस ने उनके परिवार के लोगों को जो प्रताड़ित किया वो उसके खिलाफ हैं।












Click it and Unblock the Notifications