Noida Flat Scam में CBI का बड़ा वार! बिल्डर समेत बैंक अफसरों पर 16वीं चार्जशीट दाखिल, कौन-कौन नपेगा?
Noida Flat Scam: घर खरीदारों और निवेशकों के साथ बड़े पैमाने पर कथित धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार (14 जुलाई) को CBI ने नोएडा की एक रियल एस्टेट कंपनी और दो प्राइवेट सेक्टर के बैंकों के अधिकारियों पर खरीदारों और निवेशकों को ठगने की साजिश रचने के आरोप के तहत 16वीं चार्जशीट दाखिल की है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह चार्जशीट नई दिल्ली की राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में CBI मामलों के स्पेशल जज के सामने दाखिल की गई है। आइए विस्तार से जानते हैं....

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के मुताबिक, नोएडा में स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी की गतिविधियों के सिलसिले में साहा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, उसके डायरेक्टर और HDFC बैंक लिमिटेड व ICICI बैंक लिमिटेड के अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।एजेंसी ने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टरों ने 'बैंक अधिकारियों और अन्य प्राइवेट लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर झूठे वादों और धोखाधड़ी वाली बातों से घर खरीदारों व निवेशकों को बहकाया और गैर-कानूनी व धोखे वाले तरीकों से आर्थिक लाभ उठाया।
किन धाराओं में चार्जशीट दाखिल?
CBI ने कहा कि जांच के दौरान उसे ठोस सबूत मिले हैं और उसने भारतीय दंड संहिता (IPC) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है। ये धाराएं 'आपराधिक साजिश, आधिकारिक पद का दुरुपयोग, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात' से संबंधित हैं।
एजेंसी के अनुसार, वह अभी देश भर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ दर्ज 33 अन्य मामलों की जांच कर रही है। ये मामले घर खरीदारों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और फंड के गलत इस्तेमाल से संबंधित हैं। CBI ने बताया कि पिछली चार्जशीट में कई बिल्डर कंपनियों जैसे रुद्रा बिल्डवेल कंस्ट्रक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड और अन्य के साथ-साथ उनके डायरेक्टरों और कुछ बैंकों व वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं।
(PTI इनपुट के साथ)


Click it and Unblock the Notifications
