Noida Fire: नोएडा सेक्टर-126 में लगी भीषण आग, 5 दुकानों तक पहुंचीं लपटें, 2 सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना
Noida Fire: नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में शनिवार 24 अक्टूबर दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग सेक्टर-125 स्थित कृष्णा फूड पॉइंट से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। देखते ही देखते लपटें आसपास की खाने-पीने की दुकानों तक पहुंच गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब पांच दुकानें आग की चपेट में आई हैं। इस दौरान दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना भी मिली है।
आग की वजह से आसपास धुएं का घना गुबार छा गया। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

कृष्णा फूड पॉइंट से फैली आग, आसपास की दुकानें भी चपेट में
जानकारी के मुताबिक, आग सेक्टर-125 में स्थित कृष्णा फूड पॉइंट होटल में लगी। इसके बाद लपटें आसपास मौजूद दूसरी खाने-पीने की दुकानों तक फैल गईं। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती सूचना में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दो सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर
आग के बीच दो गैस सिलेंडर फटने की सूचना सामने आई है। दमकल विभाग की 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। अभी यह साफ नहीं है कि सिलेंडर ब्लास्ट से कितना नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह और घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घटना की खबर मिलते ही होटल और आसपास की दुकानों के कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। आग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच गए। भीड़ को हटाने और इलाके में व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस मौजूद रही। मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications
