शाहजहांपुर में कार से डेढ करोड़ की नई करेंसी बरामद, पकड़े गए दो युवक
शाहजहांपुर।

क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने पकड़ा
दरअसल टेबल पर रखी नई करेंसी ये नकली नहीं बल्कि असली है। सदर बाजार पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ये नई करेंसी बरामद की है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे 24 से एक कार से डेढ करोड़ से ज्यादा की नई करेंसी दिल्ली ले जाई जा रही है। सदर बाजार और क्राइम ब्रांच ने नेशनल हाईवे 24 पर घेराबंदी की तो एक कार पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए रूकी। तभी पुलिस ने कार को घेर लिया और कार मे बैठे दो युवकों को हिरासत मे लिया।

युवकों से हो रही पूछताछ
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम नितिन और अशोक बताया जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से एक करोड़ 54 लाख 64 हजार पांच सौ पचास रुपए की नई करेंसी बरामद कर ली। बरामद करेंसी और दोनों युवको को थाने पर लाकर पूछताछ की गई और करेंसी की गिनती कराई गई। वहीं पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी जिसके बाद बरेली से आयकर विभाग की भी टीम थाने पहुंच गई और पकड़े गए दोनो युवकों से पूछताछ कर रही है।

आयकर विभाग भी कर रही जांच
आयकर उप निदेशक बरेली एमके पांडेय टीम थाना सदर बाजार मे पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रहे हैं। वहीं एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर डेढ करोड़ से ज्यादा की करेंसी बरामद की गई है। दो लोगों को हिरासत में लिया है। आयकर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications