मुजफ्फरनगर में मौत का तांडव! डिवाइडर से टकराकर पलटी कार में लगी आग, 6 लोग जिंदा जले
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों को उजाड़ दिया। तितावी थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई। पहले वह डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें आग लग गई।
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी कार जल गई और कार में बैठे 6 लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सभी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

फ्लाईओवर पर कैसे हुआ इतना भयानक हादसा?
कार में सवार लोग हरियाणा से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर कार की रफ्तार अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और इसके बाद बिजली के खंभे से जा भिड़ा।
टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा वाहन इसकी चपेट में आ गया। अंदर बैठे छह लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सभी की जान कार के अंदर ही चली गई।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि शुरुआती जानकारी में मृतकों का संबंध हरियाणा के नारनौल के पास स्थित राखीखाक गांव से सामने आया है। हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सभी लोग आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान और उनके बीच के आपसी रिश्तों का पता लगाने में जुटी है। मृतकों की पूरी पहचान और हादसे से जुड़ी दूसरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर हादसे में छह लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसका संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई और अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने राहत कार्यों में तेजी लाने के साथ मृतकों के परिजनों से संपर्क करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने और जरूरी राहत एवं सहायता से जुड़ी कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।




Click it and Unblock the Notifications
