आखिर कैसे हुई थी अमर सिंह की मुलायम सिंह से दोस्ती, सपा में हुई थी बॉलीवुड की एंट्री, करीब आया था बच्चन परिवार
Mulayam Singh Yadav Amar Singh Saga: एक तरफ जहां मुलायम सिंह यादव को जहां जमीन से जुड़ा हुआ नेता माना जाता था, उन्होंने जमीनी मेहनत के दम पर समाजवादी पार्टी को शिखर तक पहुंचाया तो दूसरी तरफ अमर सिंह को समाजवादी सोच में बॉलीवड का तड़का लगाने के लिए याद किया जाता है। अमर सिंह की सपा में एंट्री के बाद एक-एक करके बड़ी हस्तियां सपा के साथ जुड़ी। अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, जया बच्चन, जया प्रदा, समेत कई हस्तियां सपा के साथ जुड़ीं। यहां तक कि जया बच्चन आज भी सपा के कोटे से राज्यसभा की सदस्य हैं। वह लगातार चौथी बार सपा के कोटे से 2018 में राज्यसभा की सदस्य बनीं हैं।

कैसे हुई अमर सिंह-मुलायम की मुलाकात
समाजवादी पार्टी में बॉलीवुड का तड़का लगाने के लिए अगर किसी को याद किया जाएगा तो वह नाम अमर सिंह का होगा। अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, संजय दत्त से लेकर कई बडी बॉलीवुड की हस्तियों को समाजवादी पार्टी के साथ जोड़ने का काम अमर सिंह ने किया था। अमर सिंह और मुलायम सिंह की पहली मुलाता की बात करें तो यह मुलाकात एक हवाई यात्रा के दौरान हुई थी। वर्ष 1996 में जब मुलायम सिंह यादव हवाई यात्रा कर रहे थे तो इसी फ्लाइट में मुलायम सिंह की मुलाकात बिजनेसमैन अमर सिंह से हुई थी। उस वक्त मुलायम सिंह यादव देश के रक्षामंत्री थे।
सैफई महोत्सव में बॉलीवुड का तड़का
अमर सिंह और मुलायम सिंह के बीच दोस्ती कितनी गहरी थी, इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुलायम सिंह ने अमर सिंह को पार्टी का महासचिव बना दिया था। पहली बार 2002 में जब सैफई महोत्सव हुआ था तो अमर सिंह अमिताभ बच्चन से लेकर कई बॉलीवुड हस्तियों को लेकर यहां पहुंचे थे। जिस तरह से बॉलीवुड की तमाम हस्तियां सैफई पहुंची थीं उससे ना सिर्फ सैफई के लोग हैरान थे बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में इसकी चर्चा हुई थी। सैफई के इस महोत्सव के बाद एक के बाद एक सपा के कार्यक्रमों में संजय दत्त, गोविंदा, जया प्रदा, सोनू निगम समेत तमाम दिग्गज बॉलीवुड की हस्तियां पहुंचने लगी।

जया से तल्ख हो गए थे रिश्ते
हालांकि बाद में अमर सिंह और जया बच्चन के बीच रिश्ते काफी तल्ख हो गए थे। यहां तक कि अमर सिंह ने यह तक कह दिया था कि मेरे और अमिताभ बच्चन के बीच रिश्ते खराब होने की वजह जया बच्चन हैं। अमर सिंह ने कहा था कि जय बच्चन काफी एरोगेंट, अहंकारी हैं। हालांकि बाद में अमर सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया गया था, लेकिन जया इस बात से खुश नहीं थीं और वह उनका समर्थन करती थीं।
अमिताभ बच्चन बने थे ब्रांड अंबेसडर
कहा जाता है कि अमर सिंह के प्रयासों से ही अमिताभ बच्चन उत्तर प्रदेश के ब्रांड अंबेसडर बनने के लिए तैयार हुए थे। बच्चन परिवार के साथ मुलायम सिंह का रिश्ता काफी करीबी था। इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दूसरी बार जब मुलायम यूपी के सीएम बने तो वह अमिताभ बच्चन के घर पहुंचे थे और उनके पिता हरिवंश राजय बच्चन को यश भारती सम्मान से नवाजा था। हालांकि यह कार्यक्रम लखनऊ में होना था लेकिन हरिवंश राय की तबीयत खराब होने की वजह से इस सम्मान को देने के लिए मुलायम मुंबई पहुंचे थे।

अखिलेश-अमर सिंह के बीच अनबन
अमर सिंह को मुलायम सिंह का काफी करीबी माना जाता था, लेकिन बाद में समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान के साथ उनकी अनबन जग जाहिर थी। यहां तक कि अखिलेश यादव भी अमर सिंह को पसंद नहीं करते थे, यहां तक कि अखिलेश यादव ने अमर सिंह को दलाल तक कह दिया था। अखिलेश यादव के इस बयान पर अमर सिंह ने कहा था कि उन्हें यह बात कहने में दो दशक लग गए, लेकिन वह यह नहीं भूल सकते हैं कि जब उनकी शादी को लेकर सब खिलाफ थे तो मैं उनके साथ खड़ा था, मुलायम और अखिलेश मेरे साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे। उनकी शादी के एल्बम का ऐसा कोई फ्रेम नहीं जिसमे यह दलाल नहीं था। अगर मेरी कुर्बानी से समस्या का समाधान होता है तो इसके लिए तैयार हूं। मैं अखिलेश के साथ इसलिए हूं कि वह मुलायम सिंह के बेटे हैं, लेकिन मैं सत्ताधारी अखिलेश के साथ नहीं हूं।
आखिरी समय तक साथ रहे
अमर सिंह और मुलायम सिंह की इस मुलाकात के बाद दोनों की गहरी दोस्ती हुई और यह दोस्ती अमर सिंह ने आखिरी समय तक निभाई। यहां तक कि जब समाजवादी पार्टी का एक धड़ा अमर सिंह का धुर विरोधी हो गया था तो भी मुलायम सिंह का अमर सिंह के लिए प्रेम कम नहीं हुआ और ना ही अमर सिंह का मुलायम सिंह के प्रति लगाव कम हुआ।












Click it and Unblock the Notifications