बिहार में गूंजेगा UP का विजन! पटना में रवि किशन करेंगे योगी सरकार का प्रतिनिधित्व
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के मौके पर योगी सरकार देशभर में अपनी विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को सामने रखने जा रही है। इसी कड़ी में बिहार की राजधानी पटना में होने वाला राज्य स्तरीय आयोजन खास रहने वाला है, जहां उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सांसद रवि किशन प्रदेश का पक्ष रखेंगे।
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर राज्य सरकार ने देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन आयोजनों के जरिए उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों, नीतियों और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

24 जनवरी को पटना में दिखेगा यूपी का प्रतिनिधित्व
इसी क्रम में 24 जनवरी को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में गोरखपुर से सांसद और प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन शुक्ला योगी सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह उत्तर प्रदेश की विकास गाथा को बिहार की धरती से साझा करेंगे।
विभिन्न राज्यों के लिए नामित किए गए प्रतिनिधि
राज्य सरकार ने उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों, विधान परिषद सदस्यों और आयोगों के उपाध्यक्षों को अलग-अलग राज्यों में उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है। इसका उद्देश्य प्रदेश की नीतियों और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है।
गर्व की बात है यूपी की विकास यात्रा साझा करना: रवि किशन
इस मौके पर सांसद रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर का सांसद होने के नाते बिहार की धरती से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को साझा करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश, रोजगार और सुशासन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
निवेश से डिजिटल गवर्नेंस तक यूपी की बड़ी उपलब्धियां
रवि किशन ने बताया कि उत्तर प्रदेश ने निवेश, रोजगार, स्टार्टअप, एक्सप्रेसवे, मेडिकल शिक्षा, डिजिटल गवर्नेंस और सामाजिक कल्याण योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन उपलब्धियों को कार्यक्रम के माध्यम से विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।
संस्कृति, ओडीओपी और सम्मान समारोह होंगे आकर्षण
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन, संगीत और नृत्य के साथ-साथ ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान और विश्वकर्मा श्रम सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
यूपी-बिहार के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
रवि किशन ने प्रदेशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश और बिहार के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने का काम करेगा।










Click it and Unblock the Notifications