मेरठ: कलयुगी मां ने 11 माह की बेटी को दांतों से काट किया लहूलुहान
एक मां अपने बच्चे के साथ ऐसी हरकत कर सकती है, यह कोई सोच भी नहीं सकता। पति ने पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।
मेरठ। बच्चे के लिए मां भगवान की तरह होती है लेकिन कभी-कभी ऐसा मामला सामने आता है जिससे यह रिश्ता कलंकित होता है। ऐसा ही एक वाकया उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुआ जहां एक मां हैवान बन गई और उसने अपने ही बच्चे को दांत से काटकर लहूलुहान कर दिया। बच्चे के पिता ने पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

यह सनसनीखेज मामला मेरठ की शारदापुरी कालोनी का है जहाँ कलयुगी माँ ने ही अपनी ग्यारह महीने की मासूम बच्ची को दांतो से काटकर लहूलुहान कर दिया। अपनी पत्नी के ऐसे बर्ताव से परेशान पति ने पत्नी के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

दरअसल , मेरठ के कंकरखेड़ा थाना इलाके के शारदापुरी निवासी राहुल ने दो वर्ष पूर्व मेरठ निवासी पूनम से लव मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद ही पूनम ने एक मासूम बच्ची को जन्म दिया।

जन्म के कुछ दिन बाद से ही पूनम अपनी बेजुबान मासूम बच्ची को अकेले में मारती थी और दांतो से काटकर उसे लहूलुहान कर देती थी।

पति और सास ने कई बार समझाया लेकिन पूनम ने मासूम को परेशान करना बन्द नहीं किया जिसके बाद मंगलवार को परेशान पिता राहुल ने अपनी ही पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पति राहुल की तहरीर के बाद थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी है।












Click it and Unblock the Notifications