मेरठ में शेल्टर होम का अचौक निरीक्षण करने पहुंचीं रीता बहुगुणा जोशी
मेरठ। देवरिया कांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश सरकार शेल्टर होम को लेकर हरकत में आ गई है। योगी सरकार में महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने शनिवार को मेरठ के महिला शेल्टर होम का औचक निरीक्षण किया। रीता बहुगुणा जोशी ने शनिवार को मेरठ पहुंचकर लाल कुर्ती इलाके में स्थित शेल्टर होम का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए।
रीता बहुगुणा जोशी ने शेल्टर होम में रही महिलाओं से बातचीत कर हाल जाना। इसके साथ ही शेल्टर होम के रिकॉर्ड आदि भी चेक करवाए गए। बता दें कि देवरिया शेल्टर होम मामले सामने आने के बाद से सरकार लगातार इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर रही है। वहीं देवरिया की घटना सामने आने के बाद योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को बाल गृह और महिला संरक्षण गृह का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
गौरतलब है कि, 5 अगस्त को देवरिया बालिका गृह में देह व्यापार कराए जाने का मामला सामने आने के बाद हलचल मच गई थी। एक बच्ची भागकर पुलिस के पास पहुंच गई, इसके बाद जो सच्चाई सामने आ। लड़की ने बताया था कि यहां रहने वाली नाबालिग बच्चियों के साथ बाहर ले जाकर रेप किया जाता है। यहां से 24 बच्चियों को छुड़ाया गया, जबकि 19 अब तक गायब बताई जा रही हैं। संचालिका गिरिजा त्रिपाठी सहित चार को अब तक अरेस्ट किया गया है।