VIDEO: स्वाति सिंह को देखकर अपनी दुकानें छोड़कर भागने लगे दुकानदार, जमकर लगाई फटकार
मेरठ। सरकार की तमाम सख्ती के बावजूद नवीन मंडी में कई थोक विक्रेता टैक्स चोरी करने से बाज नहीं आ रहें हैं। इस बात का पता जैसे ही कृषि आयात और कृषि विपणन मंत्री स्वाति सिंह को लगा वे दिल्ली रोड की नवीन मंडी का औचक निरीक्षण करने पहुंच गईं। मंत्री स्वाति सिंह ने जब सब्जी और फल विक्रेताओं से टैक्स जमा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 6-आर और 9-आर रसीद मांगी तो कई थोक व्रिकेता इन रसीदों को दिखा ही नहीं पाए। नाराज मंत्री स्वाति सिंह ने इन लोगों को जमकर फटकार लगाई।

टैक्स चोरी की खबर मिलते ही राज्य मंत्री स्वाति सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चुनिंदा थोक विक्रेताओं को कड़ी फटकार लगाई और सीधे कहा कि आप टैक्स चोरी करते हैं। सरकार के पैसे की चोरी करते हैं। इस पर ये दुकानदार बगले झांकने लगे। स्वाति सिंह ने मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर पुष्पराज सिंह को मामले की जांच कर लाइसेंस निरस्त किए जाने के निर्देश दिए। हालांकि कई थोक विक्रेता तो मंत्री स्वाति सिंह का सामना ही नहीं कर पाए और अपनी दुकाने छोड़कर भाग गए। इस निरीक्षण में एक बात और निकलकर सामने आई कि दुकान का आवंटन किसी के नाम है और दुकान को चला कोई रहा है। इस पर भी मंत्री स्वाति सिंह ने जांच कर आवंटन निरस्त किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। स्वाति सिंह के इस निरीक्षण से उन दुकानदारों में अफरा-तफरी मची रही जो टैक्स की चोरी करते हैं। अब देखना ये है कि आखिर आगे टैक्स चोरी के मामले में क्या सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications