गतिमान एक्सप्रेस में शाकाहारी यात्रियों को परोसा गया मीट, वायरल होते ही IRCTC ने लिया एक्शन
देश की सबसे तेज ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस में यात्रियों को वेज खाने में मीट मिलाकर परोसे जाने का मामला सामने आया है। घटना 24 जून की है, जहां झांसी यानी वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई स्टेशन से निजामुद्दीन को दोपहर 3 बजे रवाना होने वाली गतिमान एक्सप्रेस के सी 7 कोच में सफर करने वाले यात्रियों ने वेज खाने में मांस पाए जाने की ट्वीट करते हुए आईआरसीटीसी और रेल मंत्री को टैग कर मामले की जानकारी दी। जिसके बाद आईआरसीटीसी ने बेस मैनेजर को सस्पेंड कर दिया है।
छोले कुल्चे में मास के टुकड़े
दरअसल, गतिमान एक्सप्रेस ट्रेन में ग्वालियर स्टेशन पर यात्रियों को दिए जाने वाले खाने में वेज और नॉन वेज विकल्प होते हैं। राजेश तिवारी और प्रीति तिवारी ने खाने में छोले कुलचे आर्डर किये थे। जिसमे छोले की सब्जी के अंदर नीचे मांस का एक बड़ा टुकड़ा निकला। शुद्ध शाकाहारी होने के कारण उनके खाने में मांस के टुकड़े का पाया जाना बड़ी बात थी। इस बात की शिकायत जब उन्होंने खाना सर्व वाले स्टाफ से की तो उन्होंने कहा कि वे सिर्फ खाना सर्व करने के लिए हैं और खाना वेंडर के माध्यम से पैक होकर आता है।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपनी बेटी से वेंडर की बात करवाई ताकि उनकी बेटी घटना की शिकायत सोशल मीडिया के माध्यम से रेलवे और रेल मंत्री को कर सके। सर्वर स्टाफ ने उनकी बेटी, कनिष्का तिवारी से माफी मांगी लेकिन कुछ एक्शन लेने की असमर्थता जताते हुए अपने सुपरवाइजर से बात करवाई। उन्होंने भी कनिष्का को यही जवाब दिया।

इस पर कनिष्का ने उनसे एक फीडबैक या कंप्लेन फॉर्म उपलब्ध करवाने के लिए कहा, जिसमें उनके माता पिता शिकायत दर्ज कर सके। लेकिन उनके पेरेंट्स को किसी तरह का फॉर्म भी नही दिया गया। इसको लेकर कनिष्का ने ट्वीट किया। जिसके बाद रविवार को आईआरसीटीसी ने बेस मैनेजर को सस्पेंड कर दिया है।

अन्य यात्रियों के खाने में भी मिला चिकन
उधर इसी ट्रेन में सफर कर रही एक और महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इन्होने भी ट्रेन में दिए गए वेज खाने के विकल्पों में से एक पास्ता और एक छोले कुचले मँगाए थे। महिला बताती हैं कि उनकी पास्ता में चिकन मिलाया गया था। दो बाइट खाने के बाद उन्हें इसका पता चला। जिससे उनका पूरा सफर और मूड सब ख़राब हो गया। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका गतिमान एक्सप्रेस का अनुभव काफी ख़राब रहा।
वहीं इस मामले में झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि वेज खाना में नॉजवेज मिलाकर देने का मामला सामने आया है। चूंकि मामला आईआरसीटीसी से संबंधित है तो आईआरसीटी ने कार्रवाई कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications