काशी: 10 करोड़ की डकैती के मास्टरमाइंड ने पुलिस को दिया चकमा!
दस करोड़ की डकैती में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस डकैती के मास्टरमाइंड ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर किया।
वाराणसी। 8 अप्रैल 2017 को बनारस के चौक थाना इलाके के ठठेरी बाजार डकैती कांड से संबंधित शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा माल बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच वाराणसी व जनपद पुलिस को निर्देश दिए थे। इस घटना के वांछित चल रहे मोहम्मद सैफ को बुधवार को घर से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के पास डकैती का महज 220 ग्राम सोना बरामद हुआ जिसकी कीमत 7 लाख बताई जा रही है।

पुलिस को चकमा देकर मुख्य आरोपी ने किया कोर्ट में सरेंडर
एक तरफ पुलिस जहां 8 अप्रैल की 10 करोड़ की लूट के अपराधी सैफ के पास से महज 220 ग्राम सोने के आभूषण को बरामद कर अपना पीठ थपथपा रही थी। वहीं इस लूट के मास्टरमाइंड फैजान ने पुलिस को चकमा देते हुए स्पेशल सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। एक तरफ जहां सैफ की गिरफ्तारी को लेकर वाराणसी के एसएसपी प्रेस को ब्रीफ कर रहे थे तभी जानकारी आयी कि मुख्य अभियुक्त फैजान ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।

फैजान को रिमांड पर लेने की तैयारी में पुलिस
बनारस के एसएसपी नितिन तिवारी ने Oneindia को बताया कि इस लूट कांड का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की कई टीमों ने कड़ी मेहनत की है और सैफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इस बात की जानकारी हो चुकी है कि चौक के ठठेरी बाजार के सीताराम ज्वेलर्स लूट कांड के मास्टरमाइंड फैजान ने कोर्ट रूम में सरेंडर कर दिया है तो अब फैजान को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications