सपा सरकार की इन बड़ी योजनाओं को बंद करेंगे CM योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी विभागों से ऐसी योजनाओं की जानकारी मांगी जा रही है। केंद्र और प्रदेश की योजनाएं एक जैसी होने पर उन्हें बंद करके राज्य का बजट बचाया जाएगा।
लखनऊ। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार समाजवादी पार्टी के समय की योजनाओं को बंद करेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र की योजनाओं के समानांतर चल रही प्रदेश की योजनाओं को बंद करके केंद्र की योजनाओं को ही चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ राज्य के संसाधनों की बचत होगी बल्कि केंद्र की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिलेगा।

बंद होंगी ये योजनाएं

आवास के लिए एक जैसी योजनाएं
यूपी सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार गांवों में हर परिवार को घर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चला रही है। जबकि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लोहिया आवास योजना चला रही है। इसी तरह, शहरी क्षेत्रों में घर के लिए प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना चल रही है। प्रदेश सरकार इसके बराबर आसरा योजना का संचालन कर रही है।

बिजली और सड़क की योजना भी बंद होगी
हर गांव को बिजली से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना चला रही है, लेकिन प्रदेश सरकार अपने बजट से भी पारेषण नेटवर्क और विद्युतीकरण पर खर्च करती है। गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चला रही है जबकि प्रदेश सरकार गांवों में सड़कें बनवाने के लिए जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना, डॉ. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना भी चला रही है।

रोजगार के लिए भी अलग से बनी योजना खत्म
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार बेरोजगार युवकों को स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना चला रही है। जबकि प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना चलाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी विभागों से ऐसी योजनाओं की जानकारी मांगी जा रही है। केंद्र और प्रदेश की योजनाएं एक जैसी होने पर उन्हें बंद करके राज्य का बजट बचाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications