Mahakumbh 2025: सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लालच में यूट्यूबर ने की शर्मनाक हरकत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Mahakumbh 2025: महाकुंभ में स्नान कर रही महिलाओं के वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक यूट्यूबर को इस घिनौनी हरकत के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर पैसा कमाने की कोशिश की थी। साइबर थाना पुलिस ने गाजीपुर में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रहने वाले अमित कुमार झा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अपने यूट्यूब चैनल के फॉलोअर्स बढ़ाने और कमाई करने के मकसद से इस तरह के वीडियो बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो, फोटो और खबरें प्रसारित करने के कई मामले सामने आए हैं। श्रद्धालु महिलाओं के स्नान और कपड़े बदलने के वीडियो भी कुछ असामाजिक तत्वों ने वायरल किए। कुम्भ पुलिस ने इस तरह की 173 सोशल मीडिया आईडी की पहचान की है, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
साइबर थाना प्रभारी राजीव तिवारी ने बताया कि आरोपी अमित कुमार झा ने सोशल मीडिया पर तेजी से फॉलोअर्स बढ़ाने और पैसे कमाने के लालच में यह कदम उठाया था। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये लोग रहे शामिल
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी, निरीक्षक मोहम्मद आलमगीर, मुख्य आरक्षी गणेश प्रसाद गौड़, आरक्षी लोकेश पटेल, रणवीर सिंह सेंगर, अतुल त्रिवेदी, प्रदीप यादव, रूप सिंह, अनुराग यादव और अतुल कुमार शामिल थे। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गाजीपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
महाकुंभ में साइबर ठगी के बढ़ते मामले
महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को ठगने के लिए साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। कॉटेज, टेंट और हेलिकॉप्टर बुकिंग के नाम पर कई फर्जी वेबसाइट बनाई गई हैं, जिनके जरिए श्रद्धालुओं से ठगी की जा रही है। साइबर पुलिस ने अब तक 212 संदिग्ध वेबसाइटों को चिह्नित किया है, जिनमें से 82 वेबसाइटों को बंद करा दिया गया है।
साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अब तक आठ एफआईआर दर्ज की गई हैं। कुल आठ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और संदिग्ध वेबसाइटों को ब्लॉक करने की कार्रवाई जारी है।
महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की ऑनलाइन बुकिंग करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान लिंक या वेबसाइट पर क्लिक करने से पहले उसकी प्रमाणिकता जांच लें। यदि किसी तरह की ठगी या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।












Click it and Unblock the Notifications