Mahakumbh 2025: पर्यटन मंत्रालय ने श्रद्धालुओं के लिए उठाए कई कदम, मिलेंगे लग्जरी आवास, टूर पैकेज
Mahakumbh 2025: 13 जनवरी 2025 से प्रयागराज में महाकुंभ मेले की शुरुआत होगी और 14 जनवरी 2025 को पहला स्नान होगा। प्रयागराज में पर्यटन को और बढ़ावा देने और महाकुंभ मेले को श्रद्धालुओं के लिए और यादगार बनाने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने कई अहम कदम उठाए है।
दरअसल, यह महाकुंभ दुनिया के सबसे बड़े और सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक समागमों में से एक है, जो हर 12 साल में भारत के चार स्थानों में से एक पर आयोजित किया जाता है। महाकुंभ -2025 उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी को शुरू होगा और 26 फरवरी, 2025 तक चलेगा। इसे पूर्ण कुंभ भी कहा जाता है।

इस विशाल आयोजन में दुनिया भर से लाखों भक्तों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। यह भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत और पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने का एक अनूठा अवसर है। वहीं, अब पर्यटन मंत्रालय महाकुंभ को न केवल आध्यात्मिक बल्कि वैश्विक पर्यटन के लिए भी एक ऐतिहासिक आयोजन बनाने के कई कदम उठा रहा है।
इस बाबत पर्यटन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महाकुंभ में 5000 वर्ग फीट का विशाल अतुल्य भारत मंडप स्थापित कर रहा है, जो विदेशी पर्यटकों, विद्वानों, शोधकर्ताओं, फोटोग्राफरों, पत्रकारों, प्रवासी समुदाय, भारतीय प्रवासियों आदि को सुविधा प्रदान करेगा। यह मंडप आगंतुकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।
पर्यटन मंत्रालय ने जारी किया टोल-फ्री नंबर
महाकुंभ में शामिल होने वाले विदेशी पर्यटकों, प्रभावशाली हस्तियों, पत्रकारों और फोटोग्राफरों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने टोल-फ्री टूरिस्ट इन्फोलाइन (1800111363 या 1363) शुरू की है। अंग्रेजी और हिंदी के अलावा टोल फ्री इन्फोलाइन अब दस (10) अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं और तमिल, तेलुगु, कन्नड़, बंगाली, असमिया और मराठी सहित भारतीय स्थानीय भाषाओं में भी काम कर रही है।
सोशल मीडिया अभियान भी किया शुरू
महाकुंभ-2025 के बारे में लोगों के अंदर उत्साह पैदा करने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने एक बड़ा सोशल मीडिया अभियान शुरू किया है। इस अभियान से जुड़ने और अपने अनुभव और आनंद के पल साझा करने के लिए #महाकुंभ2025 और #स्पिरिचुअलप्रयागराज जैसे विशेष हैशटैग का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पेश किए टूर पैकेज और लग्जरी आवास
इतना ही नहीं, पर्यटन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी), आईआरसीटीसी और आईटीडीसी जैसे प्रमुख पर्यटन हितधारकों के साथ मिलकर कई तरह के क्यूरेटेड टूर पैकेज और लग्जरी आवास विकल्प पेश किए हैं। आईटीडीसी ने प्रयागराज के टेंट सिटी में 80 लग्जरी आवास बनाए हैं। जबकि, आईआरसीटीसी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए लग्जरी टेंट भी उपलब्ध करा रहा है।
एलायंस एयर के साथ की साझेदारी
पर्यटन मंत्रालय ने देश के कई शहरों से प्रयागराज तक हवाई सेवाएं बढ़ाने के लिए एलायंस एयर के साथ साझेदारी की है। इससे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ में आना-जाना आसान हो जाएगा। इतना ही नहीं, पर्यटन मंत्रालय महाकुंभ की भव्यता और आध्यात्मिक तत्व को कैमरे में कैद करने के लिए बड़े पैमाने पर फोटोशूट और वीडियोग्राफी परियोजना शुरू करेगा।
ये भी पढ़ें: MahaKumbh 2025: मिलिए चाय वाले बाबा से, जो व्हाट्सएप पर देते हैं मुफ्त IAS-IPS कोचिंग, 40 सालों से हैं मौन












Click it and Unblock the Notifications