Lucknow Double Murder: ICICI बैंक रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी-बहन की गोली मारकर हत्या, पति ने खुद को भी किया शूट!
Lucknow Divya Mishra Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में गुरुवार (20 अगस्त) की दोपहर एक खूनी खेल ने सभी को दंग कर दिया। ICICI बैंक की एक महिला रिलेशनशिप मैनेजर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद, आरोपी पति अपने घर पहुंचा और बहन को भी पिस्तौल से गोली मार दी। इसके बाद, व्हाट्सऐप पर एक चौंकाने वाला स्टेटस लगाया और खुद को भी शूट कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दो घंटे के अंदर तीन लाशें बरामद की गईं। मामले में पुलिस अब साक्ष्य जुटा रही है। अब सवाल उठता है कि आखिर क्यों पति ने अपनी पत्नी और बहन की हत्या कर डाली? और खुद को भी मार डाला? आइए जानते हैं...

बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, फिर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (20 अगस्त) दोपहर करीब 12 बजे मानस बाजपेई (35) कार से गोमती नगर स्थित ICICI बैंक के बाहर पहुंचा। उसने फोन करके अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (33) को बैंक से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनते ही बैंककर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दिव्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात गोमती नगर थाने से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी।

करीब 2 किलोमीटर दूर पहुंचा आरोपी
पत्नी की हत्या के बाद मानस कथित तौर पर करीब 12:30 बजे 2 किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। मानस की बहन सीबा (28) भी उसी मकान में रहती थी। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाजें आने लगीं। इसके बाद पता चला कि मानस ने अपनी बहन को भी गोली मार दी है। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच कर रही है।
सुसाइड से पहले लगाया WhatsApp स्टेटस

पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि मानस ने खुद को गोली मारने से पहले WhatsApp पर स्टेटस लगाया था। इसमें उसने लिखा था कि वह जान देने जा रहा है। पुलिस अब इस स्टेटस के साथ-साथ उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
एक साल से चल रहा था तलाक का विवाद?
दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। वह आलमबाग इलाके में रहती थीं। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले उन्होंने अपने पति मानस से तलाक लेने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद दोनों अलग-अलग रह रहे थे। दूसरी ओर, मानस हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के किराए के मकान में रहता था। वह SBI में काम करता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वैवाहिक विवाद ही इस खौफनाक वारदात की वजह बना या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल हत्या और उसके बाद हुई घटनाओं की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
Pragya Mishra Sister Murder: दिव्या थीं पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन

दिव्या मिश्रा, पत्रकार और 'उल्टा चश्मा यूसी, प्रज्ञा का पन्ना' की संस्थापक व रिपोर्टर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें फोन पर बहन को गोली मारे जाने की जानकारी मिली है और वह लोहिया अस्पताल में हैं। लखनऊ पुलिस ने उनकी पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि मौके पर उच्चाधिकारी मौजूद हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में क्या सामने आएगा?
फिलहाल, पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, WhatsApp स्टेटस, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिवार से जुड़े विवाद की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications
