Loni Nagar Palika Result: लोनी में RLD जीती, रंजीता धामा दूसरी बार बनीं चेयरमैन
Loni Nagar Palika Result: लोनी में आरएलडी ने बाजी मारी है, जहां रंजीता धामा चुनाव जीत गईं। उन्होंने बीजेपी की पुष्पा को हराया।

Loni Nagar Palika Result: यूपी निकाय चुनाव में बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वो गाजियाबाद की लोनी नगर पालिका का चुनाव हार गई। वहां से आरएलडी उम्मीदवार रंजीता धामा जीती हैं। वो दूसरी बार नगर पालिका की चेयरमैन बनीं, उन्हें एक लाख से ज्यादा वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी पुष्पा ने 87 हजार के करीब वोट हासिल किए।
लोनी गाजियाबाद की सबसे हॉट सीट है। बीजेपी ने चेयरमैन पद पर यहां से सतपाल प्रधान की पत्नी पुष्पा को प्रत्याशी घोषित किया। वहीं निवर्तमान चेयरमैन रंजीता धामा रालोद (आरएलडी) से, बसपा से मेहरीन और AAP से अनीता चुनाव लड़ीं।
मतगणना शुरू होते ही हो गया था विवाद
लोनी नगर पालिका के लिए सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई थी। इस बीच रालोद प्रत्याशी रंजीता धामा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा। उन्होंने लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को मतगणना स्थल से दूर रखने की बात कही है।
वोटिंग के दौरान हुआ था हंगामा
लोनी का चुनाव काफी ज्यादा संवेदनशील रहा, जहां वोटिंग के दिन भी जमकर हंगामा हुआ। उस दिन लोनी बॉर्डर के वार्ड नंबर 19 में मधुबन चौक के प्राथमिक विद्यालय में रंजीता धामा ने बीजेपी पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया। इसको लेकर काफी कहासुनी भी हुई। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से हटाकर हालात कंट्रोल में किया।
दिग्गजों का इलाका है लोनी
आपको बता दें कि लोनी विधानसभा सीट भी काफी संवेदनशील है। वहां पिछले चुनाव में बीजेपी से नंदकिशोर गुर्जर जीते। वो दिग्गज नेता हैं और लोनी में उनकी काफी पकड़ है। वहीं उनके विरोधी मदन भैया ने सपा-रालोद गठबंधन से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। हालांकि हार का अंतर 8676 वोट का ही था। दोनों नेताओं का दबदबा निकाय चुनाव में भी देखने को मिल रहा।












Click it and Unblock the Notifications