Lawrence Bishnoi Gang का खूंखार शार्प शूटर मुठभेड़ में पकड़ा गया, पैर में लगी गोली, 1 लाख का था इनामी
Lawrence Bishnoi Gang Sharp Shooter Ravi Daurala Arrested: मेरठ और मुजफ्फरनगर में लूट और रंगदारी की वारदातों से दहशत मचाने वाला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात शार्प शूटर रवि दौराला आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुजफ्फरनगर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में शुक्रवार, 22 अगस्त 2025 को नई मंडी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद रवि को घायल अवस्था में धर दबोचा गया।
उसके पैर में गोली लगी है, और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 1 लाख रुपये के इनामी इस अपराधी के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली में 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुठभेड़ का खौफनाक मंजर
मुजफ्फरनगर के नई मंडी इलाके में दो दिन पहले बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर इलाके में खौफ फैला दिया था। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी बीच STF मेरठ फील्ड यूनिट को खुफिया सूचना मिली कि चेन लूट और कई अन्य वारदातों में शामिल मेरठ के दौराला निवासी रवि पुत्र सुरेश मुजफ्फरनगर में छिपा है।
शुक्रवार शाम को STF और पुलिस ने नई मंडी क्षेत्र में रवि को घेर लिया। जब उसे सरेंडर करने को कहा गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF ने भी गोलियाँ चलाईं, जिसमें एक गोली रवि के पैर में लगी। इसके बाद उसे दबोच लिया गया, लेकिन उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने रवि के पास से एक .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सन्नी काकरान का खास, लॉरेंस बिश्नोई का गुर्गा
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि रवि सन्नी काकरान गैंग का शार्प शूटर है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हिस्सा है। सन्नी के इशारे पर रवि ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। 31 मई 2023 को उसने मेरठ के कपड़ा व्यापारी स्वदेश विकल से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसने व्यापारी की दुकान पर फायरिंग की, जिसमें व्यापारी का बेटा अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस अब रवि के नेटवर्क और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कनेक्शन को खंगाल रही है।
Shooter Ravi Daurala Criminal History-रवि का काला कारनामा: लूट से लेकर रंगदारी तक
ASP STF बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रवि एक शातिर अपराधी है, जिसने मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली में कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया है। उस पर 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें प्रमुख हैं:-
- 27 मार्च 2025: मेरठ के कंकरखेड़ा में बुलेट बाइक लूटी।
- 18 अप्रैल 2025: मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में 11 लाख रुपये की लूट।
- 26 फरवरी 2025: दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र में 4.5 लाख रुपये की लूट।
- 31 मई 2023: मेरठ में कपड़ा व्यापारी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटना।
- 2015: दौराला निवासी अरविंद पुत्र रामवीर को पुलिस कस्टडी से भगाने में मदद।
इन वारदातों के बाद ADG मेरठ जोन ने रवि पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस की नजर अब गैंग पर
पुलिस और STF अब रवि के फरार साथी की तलाश में जुटी है। साथ ही, लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सन्नी काकरान के नेटवर्क को तोड़ने के लिए गहन जांच शुरू की गई है। रवि की गिरफ्तारी मेरठ-मुजफ्फरनगर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बड़ा झटका है। पुलिस अब उसके बयानों और बरामद सबूतों के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। क्या यह मुठभेड़ इस कुख्यात गैंग के अंत की शुरुआत होगी? जवाब पुलिस की जांच और आने वाले दिनों में मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications