Highway News: लखीमपुर-सीतापुर हाईवे 18 तक बंद, लखनऊ जाने वालों के लिए ट्रैफिक अलर्ट जारी, जानें नया रास्ता
Lakhimpur Sitapur Highway News: लखनऊ की तरफ सड़क मार्ग से सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर है। अगर आप 18 अप्रैल तक लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन से होकर जाने की योजना बना रहे हैं, तो जरा रुक जाइए। इस रूट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरगांव रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहा ओवरब्रिज अब भी अधूरा है। इसके चलते एक बार फिर रूट डायवर्ट किया गया है। रविवार को तो हालात और भी बिगड़ गए जब कस्ता चौराहे के पास कई ट्रक खराब हो गए और घंटों लंबा जाम लग गया। पुलिस को वाहनों को हटाने में पसीने छूट गए।

अब 18 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक इस हाईवे से कोई भी वाहन नहीं गुजर सकेगा। अधिकतर ट्रैफिक को खीरी टाउन और कस्ता रोड की तरफ मोड़ा गया है। लोगों को लखीमपुर से सीतापुर या लखनऊ जाने में ज्यादा वक्त लग रहा है।
हरगांव ओवरब्रिज बना मुसीबत
हरगांव रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। काम में देरी के चलते प्रशासन को तीसरी बार ट्रैफिक का रूट बदलना पड़ा है।
सीतापुर फोरलेन से हटाकर अब वाहन कस्ता और खीरी टाउन की ओर डायवर्ट किए गए हैं। सबसे ज्यादा ट्रैफिक कस्ता होकर गुजर रहा है, जिससे वहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।
रविवार को दोपहर में सीतापुर से आ रहा एक ट्रक कस्ता चौराहे पर खराब हो गया। ट्रक का एक्सल टूटने के बाद पूरे चौराहे पर जाम लग गया। पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत श्रीवास्तव ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दुकानें हटवाईं और ट्रैफिक चालू कराया।
इसके कुछ ही देर बाद हरगांव चीनी मिल को गन्ना लेकर जा रहे दो और ट्रक खराब हो गए। साथ ही सीतापुर की ओर से आ रहे दो ट्रकों के टायर भी फट गए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
घंटों बाद सामान्य हुआ ट्रैफिक
पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी ताकि फंसे हुए ट्रकों को कस्बे से बाहर किया जा सके। खुद क्षेत्राधिकारी मितौली शमशेर बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ट्रैफिक कंट्रोल करने के निर्देश दिए।
गन्ना लादे ट्रक चालकों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद यातायात दोबारा सुचारू हो पाया। तब तक राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये हैं नए रूट, जिनसे होकर जाना होगा लखनऊ या सीतापुर
- लखीमपुर से सीतापुर जाने वाले भारी वाहन - एलआरपी चौराहा से छाउछ होते हुए बेहजम-कस्ता चौराहे से सीतापुर जाएंगे।
- बहराइच-सिसैया की ओर से आने वाले - राजापुर से खीरी कस्बा, लघुचा, लहरपुर होते हुए सीतापुर की ओर जाएंगे।
- चार पहिया व छोटे वाहन - एलआरपी से ओयल कस्बा पार कर बेहजम मोड़ होते हुए गंतव्य की ओर।
- गोला-मोहम्मदी से आने वाले वाहन - छाउछ चौराहा होते हुए बेहजम-कस्ता के रास्ते सीतापुर की ओर जाएंगे।
- दो पहिया व पैदल यात्री - निर्माणाधीन ओवरब्रिज से पहले मरखापुर तक ही जा सकेंगे।
अगर आप आने वाले कुछ दिनों में लखीमपुर से सीतापुर या लखनऊ के लिए यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो नए रूट को ध्यान में रखते हुए ही निकलें। सुबह-शाम के समय ट्रैफिक ज्यादा होता है, ऐसे में जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।












Click it and Unblock the Notifications