पूर्व IAS अरविंद कुमार शर्मा को मिली योगी कैबिनेट में जगह, पीएम मोदी के रहे हैं बेहद खास
लखनऊ, मार्च 25। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हो गई है। योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। वहीं उनके साथ ही 50 से अधिक मंत्रियों ने भी शपथ ली है। इसमें राज्यमंत्री भी शामिल हैं। योगी मंत्रीमंडल में इस बार कई नए चेहरों को भी शामिल किया गया, जिसमें से एक हैं गुजरात कैडर के पूर्व IAS अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा, जो पिछले साल जनवरी में नौकरी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे।

पीएम मोदी के करीबी माने जाते हैं अरविंद कुमार शर्मा
आपको बता दें कि अरविंद कुमार शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफी करीबी माना जाता है। कहा जाता है कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तभी से अरविंद कुमार शर्मा उनके खास थे। जनवरी 2021 में उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया और बीजेपी में शामिल हो गए। कहा जाता है कि पीएम मोदी के निर्देशों के बाद ही वो कोरोना काल में वाराणसी के अंदर काम करते हुए नजर आए थे। इसके अलावा वो समाजसेवा भी करते रहते हैं।

बीजेपी में आने के बाद MLC बने थे एके शर्मा
बीजेपी में आने के बाद अरविंद कुमार शर्मा को सबसे पहले MLC बनाया गया था। इसके बाद उन्हें संगठन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। फिर विधानसभा चुनाव में उन्हें मऊ से टिकट दिया और वो चुनाव जीत भी गए। आपको बता दें कि अरविंद कुमार शर्मा मऊ के ही रहने वाले हैं। अपने जिले में रहते हुए उन्होंने विकास के कई कार्य किए हैं और जनता से उनका सीधा जुड़ाव है।

योगी के साथ रहा था एके शर्मा का विवाद?
आपको बता दें कि अरविंद कुमार शर्मा को जब पार्टी में लाया गया था और उन्हें एमएलसी के बाद उपाध्यक्ष बनाया गया था तो उस वक्त यह खबरें आई थीं कि योगी और उनके बीच विवाद पैदा हो गया है। ऐसे में चुनाव के अंदर मिली बंपर जीत के बाद उनका नाम डिप्टी सीएम की रेस में भी काफी आगे रहा था।

पीएम मोदी के ही साथ रहे हैं अरविंद कुमार शर्मा
आपको बता दें कि अरविंद कुमार शर्मा 1988 बैच के गुजरात कैडर के IAS हैं। वह पीएम मोदी के साथ तब से काम कर रहे थे जब मोदी गुजरात के सीएम थे। 2001 से लेकर 2013 तक उन्होंने पीएम मोदी के साथ गुजरात में काम किया। इसके बाद जब मोदी पीएम बने तो अरविंद कुमार शर्मा को भी पीएमओ लेकर आ गए। 2014 में वह पीएमओ यानी प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव रहे और बाद में प्रमोशन मिला तो सचिव बन गए।












Click it and Unblock the Notifications