Karni Sena Protest: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर हमले पर दो FIR दर्ज, करणी सेना पर गंभीर धाराएं
Karni Sena Protest: आगरा में बुधवार को उस वक्त बवाल मच गया जब करणी सेना ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर बुलडोजर के साथ हमला कर दिया। राणा सांगा को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद मामला गरमाया था। इस हिंसक प्रदर्शन में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
हमले के बाद अब इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली रिपोर्ट सांसद के बेटे रणजीत सुमन की तहरीर पर दर्ज की गई है। इस एफआईआर में लूट, जानलेवा हमला, बलवा, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

करणी सेना पर गंभीर आरोप
रणजीत सुमन ने आरोप लगाया है कि करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर धावा बोला और तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस हमले की जानकारी पहले से थी, लेकिन उन्होंने सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए।
एफआईआर में करणी सेना से जुड़े ओकेंद्र राणा को नामजद किया गया है, जबकि बाकी हमलावर अज्ञात हैं। हमले के दौरान कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस मामले में दूसरी एफआईआर एसआई दिनेश ने दर्ज कराई है। उन्होंने मारपीट और तोड़फोड़ की शिकायत की है। पुलिस ने अब तक 12 युवकों को हिरासत में लिया है और बाकी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वे फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर रहे हैं। जल्द ही बाकी हमलावरों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
कानूनी जानकारों के मुताबिक, रणजीत सुमन की एफआईआर में लगाए गए जानलेवा हमले और लूट जैसे आरोपों को साबित करना मुश्किल हो सकता है। क्योंकि किसी को भी ऐसी गंभीर चोट नहीं आई जिससे जानलेवा हमला साबित हो सके।
पुलिस जांच में यह धाराएं हटाई जा सकती हैं। वहीं, यह भी चर्चा है कि लूट का कोई स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आया है, इसलिए जांच में यह धाराएं कमजोर पड़ सकती हैं।
राणा सांगा पर बयान बना विवाद की जड़
दरअसल, राज्यसभा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के बाद करणी सेना भड़क उठी थी। इस बयान को राजपूत समाज का अपमान बताया गया और इसके विरोध में आगरा में सांसद के घर पर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। हालात को काबू में करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।












Click it and Unblock the Notifications