Kanpur Lamborghini Case: कानपुर के लैंबोर्गिनी केस में आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, अब कोर्ट में खुलेगी पोल!
Kanpur Lamborghini Case: कानपुर की वीआईपी रोड पर 8 फरवरी को मौत बनकर दौड़ी करोड़ों की लैंबोर्गिनी के मामले में कानून का शिकंजा कस गया है। अरबपति तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा (Shivam Mishra) को पुलिस ने उसके आर्यनगर स्थित घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी शिवम मिश्रा को 20,000 रुपये के पर्सनल बॉन्ड पर जमानत दी।
दरअसल, बुधवार को कारोबारी का कथित ड्राइवर 'मोहन' कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा। उसने दावा किया कि कार वही चला रहा था और शिवम बगल में सो रहा था। लेकिन जब कोर्ट ने उससे पूछा कि लैंबोर्गिनी में कितने गियर होते हैं, तो उसने 9 गियर बता दिए। जबकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक कार में सिर्फ 7 फॉरवर्ड और 1 रिवर्स गियर होता है।

इस एक झूठ ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ शिवम को बचाने के लिए मोहरा बना था। कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज कर दी।
Kanpur Lamborghini Case: किस सबूत ने शिवम को फंसाया?
पुलिस ने कोर्ट में ऐसी फाइल पेश की जिसने रसूखदार परिवार के हर दावे की हवा निकाल दी:
- ईंट से टूटा शीशा: पुलिस के पास मौजूद वीडियो में दिख रहा है कि हादसे के बाद कार लॉक हो गई थी। बाउंसरों ने ईंट से शीशा तोड़कर सिर्फ शिवम को ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला। अगर ड्राइवर होता, तो उसे शीशा तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती।
- मोबाइल लोकेशन: इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के अनुसार, हादसे के वक्त शिवम की मोबाइल लोकेशन ठीक वही थी जहां एक्सीडेंट हुआ।
- 10 प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही: मौके पर मौजूद 10 से ज्यादा लोगों ने बयान दिया कि कार में शिवम के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं था।
- CCTV फुटेज: नगर निगम के कैमरों में साफ दिखा कि ड्राइविंग सीट पर अकेला शख्स ही मौजूद था।
- वादी की पहचान: FIR दर्ज कराने वाले मोहम्मद तौफीक ने वीडियो देखकर तस्दीक की कि कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
Kanpur Lamborghini Case: VIP ट्रीटमेंट से FIR तक
रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस पर भी सवाल उठे। शुरुआत में लैंबोर्गिनी को थाने में VIP ट्रीटमेंट दिया गया। उसे कवर से ढककर वहां खड़ा किया गया जहां थानेदार की गाड़ी खड़ी होती है और रखवाली के लिए बाउंसर लगाए गए। हालांकि, सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के ट्वीट और सीएम योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस को एक्शन मोड में आना पड़ा।
Kanpur Lamborghini Case: बेटे को बचाने के लिए पिता के अजीब दावे
शिवम के पिता केके मिश्रा ने बेटे को बचाने के लिए दावा किया था कि शिवम की तबीयत बिगड़ने से वह सो गया था और ड्राइवर ने उसे संभालने के चक्कर में कार से नियंत्रण खो दिया। यहाँ तक कि घायलों के इलाज का खर्च देकर 'समझौते' का हलफनामा भी कोर्ट में पेश किया गया, जिसे पुलिस ने पूरी तरह नकार दिया। फिलहाल शिवम मिश्रा पुलिस की गिरफ्त में है और उसे AJCM कोर्ट में पेश किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications