KK Bishnoi Anshika Wedding: IPS अंशिका के दूल्हे का शाही अंदाज! जोधपुरी सूट और काले चश्मे में निकले SP बिश्नोई
IPS KK Bishnoi Anshika Verma Wedding: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शादी की तस्वीरें और वीडियो जबरदस्त सुर्खियां बटोर रहे हैं। यह शादी किसी फिल्मी स्टार की नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश कैडर के दो जांबाज आईपीएस अधिकारियों की है। संभल के एसपी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई और बरेली की एएसपी अंशिका वर्मा आज, 29 मार्च को राजस्थान की वीर धरा पर विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाड़मेर स्थित 'कृष्ण निवास' से जब बारात की निकासी हुई, तो नजारा देखने लायक था। पारंपरिक राजस्थानी जोधपुरी सूट, सिर पर शाही पगड़ी, आंखों पर काला चश्मा और हाथ में कृपाण लिए एसपी केके बिश्नोई पूरी तरह से राजस्थानी रंग में रंगे नजर आए।

घोड़ी पर सवार होकर जब वे मंदिर में पूजा के लिए निकले, तो उनके स्वैग ने हर किसी का ध्यान खींचा। बहन ने भाई को मिठाई खिलाकर विदा किया, वहीं घर की महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया।
केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी की थीम
शादी की थीम 'कृष्णांशिका' (The KrishnAnshika) रखी गई है। शनिवार रात बाड़मेर में आयोजित 'भारत सभा' (बारात सभा) के दौरान मेहंदी की रस्म पूरी हुई। हाथों में रची मेहंदी के साथ केके बिश्नोई अपने दोस्तों संग मारवाड़ी और फिल्मी गानों पर थिरकते नजर आए।
इससे पहले सगाई और संगीत के कार्यक्रमों में भी इस आईपीएस कपल का फिल्मी अंदाज चर्चा में रहा। केके बिश्नोई ने 'प्यार का सिग्नल' और 'चल प्यार करेगी' जैसे गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पिता सुजाना राम बिश्नोई के साथ 'पापा कहते हैं' गाने पर डांस कर माहौल को भावुक और यादगार बना दिया।
कहां हो रही है केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी?
करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर बारात आज जोधपुर पहुंचेगी। जोधपुर के ऐतिहासिक और भव्य अजीत पैलेस में दोनों अधिकारी सात फेरे लेंगे।
शादी का पूरा शेड्यूल:
- 29 मार्च: जोधपुर के अजीत पैलेस में शाही विवाह संपन्न होगा।
- 30 मार्च: जोधपुर के ही लारिया रिसॉर्ट में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा।
इस हाई-प्रोफाइल शादी में उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
गोरखपुर की गलियों से शुरू हुआ सफर
इन दोनों अधिकारियों की प्रेम कहानी का केंद्र बना उत्तर प्रदेश का गोरखपुर। साल 2023 में जब केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, तब अंशिका वर्मा वहां एएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। काम के दौरान शुरू हुई मुलाकातों ने धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार का रूप ले लिया।
हाल ही में NDTV के साथ एक बातचीत के दौरान एसपी केके बिश्नोई ने अपनी लव स्टोरी का खुलासा करते हुए बताया, 'हमारी मुलाकात गोरखपुर में हुई थी। अंशिका न केवल एक बेहतरीन अधिकारी हैं, बल्कि एक बहुत अच्छी इंसान भी हैं। उनके काम करने के अंदाज और व्यक्तित्व ने मुझे बेहद प्रभावित किया।'
30 लाख का पैकेज ठुकराकर पहनी 'खाकी'
दूल्हे राजा यानी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई का सफर बेहद प्रेरणादायक है। राजस्थान के बाड़मेर के एक किसान परिवार से आने वाले बिश्नोई ने अपनी मेधा का लोहा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनवाया है।
- विदेशी शिक्षा: उन्होंने फ्रांस सरकार की स्कॉलरशिप पर पेरिस स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से 'इंटरनेशनल सिक्योरिटी' में मास्टर्स किया और द फ्लेचर स्कूल से भी शिक्षा ली।
- बड़ा त्याग: आईपीएस बनने से पहले वह संयुक्त राष्ट्र (UN) ट्रेड सेंटर में 30 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर कार्यरत थे। लेकिन देश सेवा के जुनून में उन्होंने यह मोटी नौकरी छोड़ दी।
- सफलता: जेएनयू से एमफिल करने के बाद साल 2017 में अपने दूसरे प्रयास में AIR 174 हासिल कर वे आईपीएस बने।

प्रयागराज की बेटी और 2021 बैच की तेजतर्रार IPS
दुल्हन अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। वह 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। अपनी कार्यशैली और सादगी के लिए वह सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications