भारतीय रेलवे ट्रेनों की समय सारणी में करने जा रहा यह बड़ा बदलाव, जानिए कब और क्या होंगे परिवर्तन?
Indian Railway New Time Table For Trains News: भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की समय सारणी को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। 31 दिसंबर यानी आज रात 12 बजे कई ट्रेनों के समय में परिवर्तन हो जाएगा। आइए जानते है किन ट्रेनों के समय में परिवर्तन हुआ है और नया समय क्या रहेगा?
भारतीय रेलवे के इस नए समय सारणी में कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का समय बदल जाएगा । इसके साथ ही सैकड़ों ट्रेनों का नंबर बदल जाएगा। रेलवे की पिछली समय सारिणी एक अक्तूबर 2023 से प्रभावी हुई थी। तब समय सारिणी में उसकी अवधि अक्तूबर 23 से जून 24 दर्शाई गई थी।इस हिसाब से एक जुलाई 24 को नई समय सारिणी लागू होनी थी, लेकिन वह छह माह की देरी से अब एक जनवरी 25 से लागूहो रही है।

फिलहाल नई समय सारिणी में एनसीआर से गुजरने वाली कन्याकुमारी-बनारस, आगरा-बनारस, खजुराहो-निजामुद्दीन समेत 15 नई ट्रेनों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा शिवगंगा समेत दस जोड़ी ऐसी ट्रेनों को भी इसमें दर्शाया गया है, जिनका विस्तार रेलवे द्वारा किया गया है। समय सारिणी में एनसीआर द्वारा संचालित 86 और अन्य जोनल रेलवे की 104 पैसेंजर ट्रेनें जो एनसीआर के प्रयागराज, कानपुर, आगरा आदि स्टेशनों पर आती हैं, उनका नंबर बदल दिया गया है।
चार जनवरी से बदल रहा माता वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेन का नंबर
प्रयागराज के सूबेदारगंज से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली जम्मू मेल का नंबर भी नई समय सारिणी में बदलने जा रहा है। चार जनवरी से इस ट्रेन का सूबेदारगंज से नंबर 20433 और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 20434 रहेगा। जम्मू मेल समेत एनसीआर से गुजरने वाली कुल 18 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के नंबर बदल रहे हैं। इसके अलावा समय सारिणी में एनसीआर जोन से गुजरने वाली 56 ट्रेनों के प्रायोगिक ठहराव वाले स्टेशनों का भी उल्लेख किया गया है।
एक जनवरी से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडल की 80 ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय में बदलाव होने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत सूबेदारगंज से देहरादून जाने वाली 14113 देहरादून एक्सप्रेस अब रात 8:50 की जगह रात 8:30 बजे रवाना होगी। इसी तरह 22432 उधमपुर-सूबेदारगंज एक्सप्रेस अब यहां दोपहर 12:50 की जगह 12:55 बजे पहुंचेगी। 12404-22404 लालगढ़-प्रयागराज एक्सप्रेस का यहां पहुंचने का समय सुबह 4:45 की जगह 4:50 होने जा रहा है।
इसी तरह कानपुर आने वाली छह, कानपुर अनवरगंज की दो, टूंडला की पांच, अलीगढ़ की पांच, खुर्जा की दो, दनकौर की दो, हाथरस किला की दो, हाथरस, फतेहपुर, मानिकपुर, मैनपुरी, फफूंद और इटावा आने वाली एक-एक ट्रेन के समय में बदलाव होने जा रहा है। इसी तरह झांसी मंडल के तमाम स्टेशनों की 17 और आगरा मंडल के स्टेशनों पर आने वाली 29 ट्रेनों के समय में एक जनवरी से बदलाव हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications