India-Pak War: 'भारतीय सेना की ताकत रावलपिंडी तक महसूस हुई', राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी
India-Pak Tension: सीजफायर के एक दिन बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भारतीय सेना की ताकत पाकिस्तान की सेना के मुख्यालय रावलपिंडी तक महसूस की गई है। वह रविवार, 11 मार्च को उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (Defence Industrial Corridor) के उद्धाटन में बोल रहे थे।
लखनऊ में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल उत्पादन इकाई का उद्घाटन योगी आदित्यनाथ ने किया जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वर्चुअल रुप से जुड़े थे।

इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा, "भारतीय सैन्य बलों ने न केवल साहस दिखाया बल्कि संयम भी रखा और पाकिस्तान की कई सैन्य चौकियों को करारा जवाब दिया।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत अब सीमा के दोनों ओर आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम है।
India-Pak War: सीएम योगी ने पाक पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि अगर किसी ने अब तक ब्रह्मोस मिसाइल की "ताकत" नहीं देखी है, तो वह पाकिस्तान से पूछ सकता है। इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
सीएम योगी ने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से ऐलान किया है कि अब कोई भी आतंकी घटना युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी। उन्होंने कहा, "आतंकवाद कभी प्रेम की भाषा नहीं समझता, उसे उसकी ही भाषा में जवाब देना होता है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने पूरी दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दे दिया है।"
उन्होंने कहा, "आपने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल की एक झलक जरूर देखी होगी। अगर नहीं देखी, तो पाकिस्तान से पूछ लीजिए ब्रह्मोस की ताकत क्या होती है। आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए हमें एकजुट होकर पीएम मोदी के नेतृत्व में लड़ना होगा।"
India-Pak War: सीमा पर लौटने लगी शांति, कश्मीर से राजस्थान तक राहत
सीजफायर के बाद कश्मीर के सीमावर्ती गांवों में सामान्य स्थिति धीरे-धीरे बहाल हो रही है। बारामुला के उरी से लेकर बांदीपोरा के गुरेज तक के गांवों में लोगों ने राहत की सांस ली है। कुपवाड़ा के तंगधार गांव के एक निवासी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, "कल रात दोनों ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई। तीन रातों की नींद हराम होने के बाद लोग अब घर लौट रहे हैं।"
पंजाब और राजस्थान की सीमा पर भी स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। कई दिनों तक चली क्रॉस-बॉर्डर शेलिंग और पाकिस्तान द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के बाद अब वहां भी कोई नई घटना दर्ज नहीं की गई है। जम्मू के उधमपुर क्षेत्र में शनिवार शाम की फायरिंग के बाद से कोई उल्लंघन रिपोर्ट नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications