BSP के MLA उमाशंकर सिंह के घर इनकम टैक्स की रेड, अचानक घर पहुंची आयकर टीम
IT Raid BSP MLA Umashankar Singh House: आयकर विभाग ने गोमती नगर में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर छापेमारी की है। बलिया जिले की रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर के घर पहुंची आयकर टीम दस्तावेज और रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
गोमती नगर में सुबह आयकर विभाग की 50 से ज्यादा गाड़ियां बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के दरवाजे पर जा रुकीं। हैरानी की बात यह है कि उमाशंकर सिंह इस वक्त कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और अपने घर पर आइसोलेशन में हैं। बीमारी की हालत में हुई इस अचानक छापेमारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

कौन हैं उमाशंकर सिंह?
उमाशंकर सिंह यूपी की राजनीति का वो नाम हैं, जिन्होंने 2022 की प्रचंड भाजपा लहर में भी बसपा की लाज बचाई थी।
- लगातार तीन बार जीत: वे बलिया की रसड़ा सीट से 2012, 2017 और 2022 में लगातार विधायक चुने गए।
- संपत्ति में अव्वल: उमाशंकर पेशे से बड़े ठेकेदार हैं और उत्तर प्रदेश के सबसे अमीर विधायकों की सूची में टॉप पर आते हैं।
- समाज सेवा: उन्हें गरीबों का मसीहा कहा जाता है। फरवरी 2016 में उन्होंने 351 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराकर रिकॉर्ड बनाया था।
- मायावती के करीबी: फिलहाल वे विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक हैं और मायावती के सबसे भरोसेमंद सिपहसालारों में गिने जाते हैं।
विवादों से पुराना नाता: जा चुकी है विधायकी
उमाशंकर सिंह का राजनीतिक सफर चुनौतियों भरा रहा है। 2012 में विधायक रहते हुए उन पर पद का दुरुपयोग कर सरकारी ठेके लेने के आरोप लगे थे। तत्कालीन लोकायुक्त की जांच के बाद, 2017 में उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। हालांकि, उसी साल चुनाव जीतकर वे फिर से सदन पहुंचे।
क्यों हुई छापेमारी? खंगाले जा रहे हैं रिकॉर्ड्स
आयकर विभाग की टीम बुधवार सुबह 7 बजे लखनऊ पुलिस के साथ विधायक के आवास पर पहुंची। छापेमारी की मुख्य बातें:
- दस्तावेजों की जांच: अफसर घर के अंदर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
- संपत्ति का ब्योरा: सूत्रों के अनुसार, यह रेड बेनामी संपत्ति और आय से अधिक धन के मामलों से जुड़ी हो सकती है।
- आइसोलेशन में रेड: विधायक की बीमारी के बावजूद घर के अंदर और बाहर जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications