साले ने दी जीजा को बीवी से छेड़खानी की सजा, मारकर छत से फेंका
मिर्जापुर क्षेत्र में एक जीजा ने साले की पत्नी से छेड़खानी कर दी। साले ने गुस्से में आकर जीजा की हत्या कर दी।
मिर्जापुर। यूपी में मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के बंगाली तिराहा स्थित ससुराल में पांच जुलाई की सुबह मृत अवस्था में मिले युवक के हत्या मामले में पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने खुलासा कर दिया। शराब के नशे में साली की पत्नी से छेड़खानी करने पर आक्रोशित साले ने ससुर व ममिया ससुर के साथ मिलकर लाठी से पीटकर दामाद मनोज को मौत के घाट उतार दिया था। विंध्याचल पुलिस ने रेलवे स्टेशन विंध्याचल से हत्यारोपी साले गुलाब को गिरफ्तार कर लिया। गुलाब ने जुर्म स्वीकार करते हुए हत्या का कारण बताया।

पत्नी से मिलने आया था ससुराल
इलाहाबाद जिले के हंडिया निवासी मनोज धरकार की शादी विंध्याचल थाना क्षेत्र के बंगाली तिराहा के पास हुयी थी। शराब के नशे में वह पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करता था। इस कारण ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते पत्नी चंदा मायके चली आयी। तीन जुलाई को पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए मनोज रात 11 बजे ससुराल आया। पांच जुलाई की सुबह अंडरवीयर में उसका शव घर के बाहर मिला था।
साले की पत्नी से कर रहा था छेड़खानी
चार जुलाई की रात नशे में मनोज अपने साले की पत्नी के साथ छेड़खानी करने लगा। यह देख उसके साले गुलाब ने ससुर शंकर लाल और ममिया ससुर अशोक के साथ मिलकर उसकी हत्या की प्लानिंग की। रात में उसके सिर में लाठी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसके शव को घर के बाहर फेंक दिया जिससे लगे कि छत से गिरने के कारण उसकी मौत हुयी है।

ससुर व ममिया ससुर है फरार
पांच जुलाई की सुबह मनोज शव घर के बाहर अंडरवीयर में मिला। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के बहनोई चील्ह थाना क्षेत्र के मवैया निवासी पप्पू ने मनोज के साले गुलाब, ससुर शंकर लाल व ममिया ससुर अशोक निवासी जफीराबाद गोपीगंज भदोही के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस छानबीन में जुटी थी। गुलाब पकड़ा गया। बाकी दो की तलाश में पुलिस जुटी है।
बालिका से मिला सुराग
विंध्याचल थाना प्रभारी अजय श्रीवास्तव ने मुकदमा दर्ज करने के बाद छानबीन शुरु की। थाना प्रभारी ने घर के एक बालिका से बात की तो पति-पत्नी के बीच विवाद की बात पता चली। इसके बाद पुलिस ने अहम अहम जानकारी इकट्ठा की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस नें बुधवार की सुबह पांच बजे विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर भागने की फिराक में हत्यारोपी साले गुलाब को गिरफ्तार कर लिया। गुलाब की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर लिया। पूछताछ में गुलाब ने सारी बात बताते हुए जुर्म स्वीकार किया। पुलिस फरार चल रहे आरोपी ससुर शंकर और ममिया ससुर की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications