यूपी: चरित्र पर शक था इसलिए बीवी, दो बच्चों की कर दी हत्या
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में मां और दो मासूम बच्चों की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्याकाण्ड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका के पति को उसके चरित्र पर शक था। इसलिए उसने पत्नी और दोनों मासूम बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना इकौना थाना क्षेत्र के इटवरिया ग्राम पंचायत के कहारनपुरवा गांव की है। मृतक महिला शिखा अपने दो बेटों चार साल के हिमांशु और तीन साल के प्रियांशू के साथ घर में अकेले रहती थी। जबकि उसका पति सूरत पंजाब में नौकरी करता है। हालांकि घटना के समय मृतक महिला का पति विद्याराम उर्फ सूरज घर पर ही था। बता दें कि रविवार सुबह शिखा जब घर से नहीं निकली तो आस पड़ोस के लोगों को शंका हुआ। लोग जब उसके घर में घुसे तो देखा कि शिखा अपने दोनों बेटों के साथ मृत पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
कोतवाल श्रीयस त्रिपाठी ने बताया कि मृतका शिखा का पति घर से गायब था और फोन भी बंद था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह जहर खाने से नहीं, बल्कि गला दबाकर हुई थी। पुलिस ने मृतका शिखा के पति सूरज को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। सूरज ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उस अपनी पत्नी शिखा के चरित्र पर संदेह था। शनिवार को दोनों के बीच विवाद भी हुआ। सूरज ने शिखा और दोनों बच्चो की गला दबाकर हत्या कर दी।