राम मंदिर के निर्माण पर अब कितने करोड़ रुपये हुए खर्च, ट्रस्ट के बैंक अकाउंट में पैसा बचा भी है या नहीं?
Ram Temple Latest News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के निर्माण में अब तक कितना खर्च हुआ है..., इसकी जानकारी दी है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों ने बैठक के बाद कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण पर अब तक 900 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। और अभी भी बैंक खातों में 3,000 करोड़ रुपये बचे हुए हैं।

शनिवार (07 अक्टूबर) सुबह ट्रस्ट के अधिकारियों की तीन घंटे की बैठक के बाद ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा, "5 फरवरी 2020 से 31 मार्च 2023 तक मंदिर के निर्माण पर 900 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और ट्रस्ट के बैंक खातों में अभी भी 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रुपये बचे हैं।''
ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा इस बैठक में विदेशी मुद्रा में दान लेने की कानूनी प्रक्रिया सहित 18 बिंदुओं पर चर्चा की गई। ट्रस्ट ने विदेशी योगदान (विनियमन) के तहत अनुमति के लिए आवेदन कर दिया है। जिसकी अनुमति अभी नहीं मिली है।
जानिए राम कथा संग्रहालय में क्या-क्या होगा?
ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा कि सरयू नदी के तट पर स्थित राम कथा संग्रहालय एक कानूनी ट्रस्ट होगा और वहां राम मंदिर का 500 साल का इतिहास और 50 साल के कानूनी दस्तावेज रखे जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश भर से लगभग 10,000 गणमान्य व्यक्तियों के 22 जनवरी को आयोजित होने वाले अभिषेक (प्राण प्रतिष्ठा) समारोह में भाग लेने की उम्मीद है।
मंदिर ट्रस्ट ने देश की जनता से की ये खास अपील
मंदिर ट्रस्ट ने देश भर के लोगों से प्रतिष्ठा समारोह के दिन सूर्यास्त के बाद अपने घरों के सामने दीपक जलाने की अपील की है। चंपत राय ने कहा कि प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम के सामने चावल (अक्षत) से पूजा की जाएगी और फिर इसे पूरे भारत में वितरित किया जाएगा।
1 से 15 जनवरी तक पांच लाख गांवों में चावल ('पूजित अक्षत') बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठा समारोह के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
कब तक बनकर पूरा होगा राम मंदिर
मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा कि मंदिर तीन चरणों में जनवरी 2025 तक पूरा हो जाएगा। बता दें कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में लगभग 4 हजार संत और 2500 सामाजिक प्रतिनिधि आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications