मधुमक्खी ने अचानक किया हमला, बुजुर्ग की मौत,एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल
कानपुर। कानपुर के रतनलाल नगर में मधुमक्खियों ने आतंक मचा रखा है। घर के बाहर खड़े बुजुर्ग पर मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला कर दिया। चीखते पुकारते हुए बुजुर्ग भागने लगा। पति को बचाने के लिए पत्नी आई तो मधुमक्खियों ने उनपर भी हमला कर दिया। लोगों ने बड़ी मुश्किल से बुजुर्ग को मधुमक्खियों के कब्जे से बचाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों में उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी गंभीर तौर पर घायल हो गई।
आस पास के दर्जनों लोगो को भी मधुमक्खी ने काट कर घायल कर दिया है। मधुमक्खी से बचने के लिए अब लोग अपने शरीर को ढक कर घर से बाहर निकल रहे है और पार्क में धुँआ किया जा रहा है। रतनलाल नगर निवासी सतनाम मुंजवानी(60) का पीरोड़ में जनरल स्टोर है। परिवार में पत्नी गौरी तीन बेटी एक बेटा सागर है। बेटा अंकित मुंबई में फोटोग्राफर है। पत्नी गौरी के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे घर के सामने पार्क की दीवार के पास खड़े थे।
तभी अचानक मधुमक्खी के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। चीख-पुकार करते हुए वह भागने लगे और आगे जाकर नाक के बल रोड पर गिर पड़े। शोर शराबा सुन पत्नी गौरी पति पर कंबल डालने आई तो मक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया। पास में ही रहने वाले रिश्तेदार प्रकाश उन्हें गोविंद नगर स्थित एक अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने सतनाम को मृत घोषित कर दिया। गौरी को साकेत नगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें हैलेट के लिए रेफर कर दिया गया।