Health Department: योगी सरकार का सख्त कदम, अनुशासनहीनता पर लखनऊ समेत कई जिलों के डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई
Health Department UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर बड़ा कदम उठाया है। लखनऊ समेत कई जिलों में डॉक्टरों और कर्मचारियों को अनुशासनहीनता के चलते बर्खास्त किया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने साफ कर दिया कि अब गैरहाजिरी और मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डॉक्टरों का समय पर ड्यूटी पर मौजूद रहना बेहद जरूरी माना जाता है। लेकिन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई चिकित्सक बिना अनुमति अनुपस्थित रहते हैं।

इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और लापरवाह कर्मचारियों को कड़ा संदेश जाएगा।
लखनऊ में चार डॉक्टर और ऑपरेटर बर्खास्त
लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग ने चार डॉक्टरों और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की सेवा समाप्त कर दी है। इनमें नीलमथा अर्बन पीएचसी की डॉ. शिल्पी गुप्ता, कल्लन खेड़ा आयुष्मान मंदिर की डॉ. कीर्ति राय, चौपटिया के डॉ. मोहसिन रजा और कटरा विजनवेग की डॉ. मुस्तकुल आफरीन कुरैशी शामिल हैं।
इनके साथ ही डाटा एंट्री ऑपरेटर सरिता कुमारी को भी हटाने का आदेश जारी हुआ है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इन सभी पर लंबे समय से गैरहाजिर रहने और कार्य में ढिलाई बरतने का आरोप था।
हाथरस और बरेली में भी गिरी गाज
हाथरस जिले में तैनात एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. शालिनी गुप्ता और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनल अग्रवाल पहले से निलंबित थीं। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए। दोनों को अब सेवा से बाहर कर दिया जाएगा।
इसी तरह बरेली और हाथरस के तीन अन्य चिकित्सकों पर भी कार्रवाई शुरू की गई है। इनमें डॉ. पुनीत मेहरोत्रा, डॉ. अर्चना सिंह और डॉ. आदित्य श्रीवास शामिल हैं। सिद्धार्थनगर के डॉ. आजाद को भी नोटिस जारी किया गया है।
चंदौली में डॉक्टर का तबादला, जांच जारी
चंदौली जिला अस्पताल के डॉक्टर अशोक कुमार पर महिला स्टाफ से अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं। इस पर डिप्टी सीएम ने उन्हें बलिया ट्रांसफर कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है।
अधिकारियों का कहना है कि शिकायतें गंभीर थीं और प्राथमिक जांच में तथ्य सही पाए गए। अब विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की योजना
कार्रवाई के साथ-साथ सरकार स्वास्थ्य ढांचे को अपग्रेड करने पर भी जोर दे रही है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 22 अस्पतालों में आधुनिक उपकरण लगाने के लिए 5 करोड़ 31 लाख रुपये की मंजूरी दी है।
इन अस्पतालों में डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सी-आर्म मशीन और जनरेटर जैसी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, लखनऊ, गाजियाबाद और झांसी समेत कई जिलों को इसका लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications