ग्रेटर नोएडा के एक ही में परिवार में कैसे हुई 5 लोगो की मौत? नूडल्स खाकर सोए, फिर सुबह नहीं उठे,आखिर हुआ क्या?
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जेवर एयरपोर्ट से महज 6 किलोमीटर दूर रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव घर के अंदर बिस्तरों पर पड़े मिले।
मृतकों में घर का मुखिया महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), दो बेटे लड्डू (11), साक्षत (3) और 7 साल की बेटी मिष्टी शामिल हैं। शनिवार (17 अक्तूबर) सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। खिड़की से झांकने पर पांचों लोग बेसुध पड़े दिखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

जब पुलिस अंदर पहुंची: खौफनाक था मंजर
पुलिस जब दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो माहौल देखकर हर कोई सन्न रह गया। एक चारपाई पर महेश अपने 11 साल के बेटे लड्डू के साथ लिपटे पड़े थे, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं दूसरे बेड पर मां ललिता अपने छोटे बेटे साक्षत और बेटी मिष्टी को बाहों में समेटे बेजान पड़ी थीं।
पुलिस ने तुरंत पांचों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
दादी बोलीं- 'भूख नहीं थी, इसलिए बच गई जान'
महेश की बूढ़ी मां भी उसी घर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे पूरा परिवार मेला देखकर लौटा था। इसके बाद रात में खाना खाकर सब सोने चले गए थे। दादी का कहना है कि उनकी तबीयत खराब थी और भूख न होने के कारण उन्होंने रात में खाना नहीं खाया था। सुबह जब लोग दरवाजा खटखटाने लगे तो उन्होंने ही दरवाजा खोला।
हालांकि पड़ोसियों का आरोप है कि सास और महेश के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था और संपत्ति बेटी-दामाद के नाम करने को लेकर विवाद चल रहा था। पड़ोसियों ने नूडल्स में जहर मिलाकर देने की आशंका भी जताई है। रात में पूरा परिवार नूडल्स खाकर सोया था।
किचन से मिले नूडल्स वाले बर्तन, फोरेंसिक जांच शुरू
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने गहन छानबीन की। किचन में रखे बर्तनों में पके हुए नूडल्स लगे मिले हैं। पुलिस ने इन बर्तनों को सील करके सैंपल लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं।
अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या यह मामला जहरीले नूडल्स से जुड़ी फूड पॉइजनिंग का है या फिर किसी मानसिक तनाव के चलते परिवार ने सामूहिक सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम उठाया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह ने कहा,
"उन्होंने जो चीजें खाई, उन सभी के पैकेट को देखा। कोई भी एक्सपायरी डेट का नहीं पाया गया। हमें कुछ भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। अगर फूड पॉइजनिंग का मामला होता तो उल्टी, दस्त जैसा कोई लक्षण होता मगर ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। वहां पर शव सामान्य अवस्था में मिले। हमें ऐसा लगता है कि यह जहर का मामला है।"
रिश्तेदारों के दावे: सब कुछ ठीक चल रहा था
मृतका ललिता के भाई सोनू ने बताया कि उनकी बहन के घर में सब कुछ ठीक था। रात में खाना बनने के बाद सब आराम से सोए थे। सोनू ने यह भी जानकारी दी कि महेश के एक भाई ने काफी समय पहले अपनी जान दे दी थी, जिसके बाद उनकी मां ने जमीन-जायदाद अपनी बेटी के नाम कर दी थी।
महेश के फूफेरे भाई नितिन कुमार के मुताबिक, परिवार पहले दिल्ली के नरेला में रहता था। रबूपुरा में ननिहाल की जमीन का मुआवजा मिलने के बाद 2017 में शादी हुई और 2018 से परिवार यहीं अपने नए मकान में रहने लगा था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा पुलिस हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया,
"रबूपुरा में बहुत ही दुखद घटना हुई है। वहां एक परिवार के पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया यह फूड प्वाइजनिंग का मामला लग रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है... सभी विभाग मौके पर जांच कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि रात में करीब 10:30 बजे उन्होंने कुछ बनाकर खाया था और सोने के बाद उनके मुंह से झाग आया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि क्या सच्चाई है और ऐसा क्यों हुआ?"


Click it and Unblock the Notifications
