यूपी के 15 साल के लड़के ने बनाया सबसे लंबे बालों का वर्ल्ड रिकॉर्ड, गिनीज बुक में शामिल हुआ नाम
ग्रेटर नोएडा के एक 15 साल के लड़के ने अपने नाम एक अनोखा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करवाया है। किशोर का नाम सिदकदीप सिंह चहल है। सिदकदीप ने नाबालिग उम्र के किसी पुरुष के मुकाबले सबसे लंबे बाल होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रहने वाले 15 वर्षीय सिदकदीप सिंह के बालों की लंबाई 146 सेंटीमीटर (चार फीट 9.5 इंच) है। उन्होंने कभी भी अपने बाल नहीं कटवाएं हैं। इनते लंबे बालों के चलते उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स 2024 बुक में अपनी जगह बनाई है।

इतने लंबे बालों के पीछे की वजह बताते हुए सिदकदीप सिंह ने कहा कि, मैं सिख धर्म का पालन करता हूं और हमारे धर्म में बाल को वाहे गुरु जी की देन माना जाता है और इसे कभी कटवाया नहीं जाता। उन्होंने कहा कि मुझे अपने बालों की काफी देखभाल करनी पड़ी तब जाके ये इतने लंबे हुए हैं। घर वालों के समर्थन के बिना ये संभव नहीं हो सकता था।
सिदकदीप सिंह ने कहा कि मेरी मां ने बचपन से ही मेरे बालों का ख्याल रखा है और मेरे पापा ने भी काफी मदद की है। 'बचपन से मैंने कभी बाल नहीं कटवाए, कभी उन पर कैंची भी नहीं चली। 15 साल से मेरे बाल लगातार बढ़ रहे हैं। इन 15 सालों में बालों की बहुत देखभाल करनी पड़ी है, तब जाकर ये इतने लंबे हो पाए हैं। इसकी वजह से परेशानियां भी सामने आईं।
सिदक दीप ने बताया कि, लोग मेरे बालों की वजह से मुझे चिढ़ाया करते थे क्योंकि मैं बालों को बाहर जाकर सुखाता था। मेरे दोस्त मेरा मजाक उड़ाते थे और मुझे लड़की कहते थे। लेकिन मैंने कभी उनकी बात का बुरा नहीं माना क्योंकि मैं जानता था कि वो केवल मजाक कर रहे हैं। इसको मैंने एक मोटिवेशन के तौर पर लिया कि मुझे अब और बाल बढ़ाने हैं।'
किशोर ने बताया कि, मैं चाहता हूं कि आगे और अपने बालों को बढ़ाऊं और अपना रिकॉर्ड तोड़ दूं। जब मैं 18 साल का हो जाऊंगा तो सबसे लंबे बाल-पुरुष श्रेणी के लिए भी आवेदन करूंगा। चहल के नाम यह रिकॉर्ड जीवित पुरुष किशोर के रूप में दर्ज है। दरअसल, सिख परंपरा के अनुसार, किशोर आम तौर पर अपने बालों को एक जूड़े में बांधते हैं और इसे दस्तार (पगड़ी) से बांधते हैं।
चहल हफ्ते में दो बार अपने बाल धोते हैं और हर बार उन्हें बाल धोने, सुखाने और ब्रश करने में कम से कम एक घंटा लगता है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स वेबसाइट के अनुसार, इससे पहले नीलांशी पटेल नाम की एक लड़की के नाम ये रिकॉर्ड था। नीलांशी गुजरात में अरवल्ली जिले के मोडासा की रहने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications