पूर्व मंत्री हाजी अकबर हुसैन के MBBS बेटे को ब्लैकमेल कर रही युवती गिरफ्तार, हनी ट्रैप कर मांगे थे 15 लाख
बसपा सरकार में राज्य मंत्री रहे और मौजूदा वक्त में समाजवादी पार्टी के नेता हाजी अकबर हुसैन के बेटे की गर्लफ्रेंड को पुलिस ने हनीट्रैप के आरोप में जेल भेज दिया है। पूर्व मंत्री के MBBS बेटे डॉ. नईम ने अपनी गर्लफ्रेंड पर प्रेम जाल में फंसाने और फिर झूठा मुकदमा करने की धमकी देकर उनसे 15 लाख रुपयों की डिमांड करने का आरोप लगाया था।
उधर, गिरफ्तार युवती का कहना था कि पूर्व मंत्री के बेटे ने शादी का झांसा देकर 12 सालों तक उसका यौन शोषण किया है। युवती पूर्व मंत्री के बेटे के खिलाफ पुलिस को तहरीर देने गई थी, लेकिन पुलिस के मुकदमा दर्ज नहीं किया था। फिर युवती ने कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन कोर्ट से भी युवती को राहत नहीं मिली थी। जिसके बाद युवती सीएम योगी से इंसाफ मांगने के लिए लखनऊ पहुंची।

बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले आरोपी युवती लखनऊ गई थी। वहां उसने सीएम ऑफिस के बाहर पहुंचकर हंगामा कर दिया था। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। फिर मंगलवार को लखनऊ पुलिस की टीम ने उसे मुरादाबाद पहुंचाया। चूंकि, युवती के खिलाफ कुंदरकी थाने में पहले से पूर्व मंत्री के बेटे ने ब्लैकमेलिंग की FIR दर्ज करा रखी थी। इसलिए पुलिस ने तुरंत युवती को अरेस्ट कर लिया।
ब्लैकमेल कर मांगे 15 लाख
अब आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्या है। दरअसल, करीब डेढ़ महीने पहले बसपा के पूर्व राज्यमंत्री हाजी अकबर हुसैन के पुत्र डॉक्टर नईम ने अपनी गर्लफ्रेंड के खिलाफ हनी ट्रैप में फंसा कर 15 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए मुरादाबाद के कुंदरकी थाने में FIR दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने कहा था कि पड़ोस के गाँव की एक लड़की ने उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसाया और अब ब्लैकमेल कर रही है।

मंत्री का बेटा MBBS तो गर्लफ्रेंड है 12वीं पास
बता दें कि पूर्व मंत्री का बेटा डॉ. नईम MBBS करने के बाद कई अस्पतालों में प्रैक्टिस कर चुका है। इन दिनों तमिलनाडू के सत्यसाईं मेडिकल कॉलेज से MS की पढ़ाई कर रहा है। जबकि उसके एकदम पड़ोस गांव में रहने वाली उसकी गर्लफ्रेंड 12वीं पास है। एजुकेशन का ये गैप ही इस रिश्ते में दरार की असल वजह माना जा रहा है।

हनीट्रैप की आरोपी युवती ने लगाए आरोप
वहीं दूसरी और हनी ट्रैप की आरोपी युवती ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देते हुए कहा था कि डॉक्टर नईम से उसका प्रेम प्रसंग था और वह शादी करने के वादे पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। युवती का कहना है कि पूर्व मंत्री के बेटे ने 12 सालों तक उसका सेक्सुअल हैरेसमेंट किया है। उसने बताया कि वो पहली बार युवती को दिल्ली के एक होटल में लेकर गया था, जहां युवती ने शादी से पहले फिजिकल रिलेशन बनाने से साफ इनकार कर दिया था।

"12 साल तक मेरा शारीरिक शोषण किया"
इस पर डॉ. नईम ने होटल में ही एक मौलवी को बुलाकर उससे निकाह की रस्म निभाई। युवती के अनुसार डॉ. नईम ने कहा था कि सही वक्त आने पर वो समाज के सामने भी उससे निकाह कर लेगा। यही नहीं, युवती ने ये भी आरोप लगाया है कि इन 12 सालों के दौरान जब भी उसका निकाह कहीं और तय हुआ तो डॉ. नईम ने उसे और उसके परिवार को धमका कर रिश्ता तुड़वा दिया। फ़िलहाल युवती को कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से पूर्व मंत्री के बेटे की गर्लफ्रेंड को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications