Ghazipur News: सीएचसी निरीक्षण के दौरान विधायक बेदी राम संग विवाद, वायरल वीडियो के बाद डॉक्टर हटाए गए
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में जखनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. योगेंद्र यादव को अचानक पद से हटा दिया गया। यह कार्रवाई विधायक बेदीराम से हुए विवाद के बाद हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
वीडियो में डॉ. यादव ने वायरल वीडियो में इस्तीफे की धमकी दी थी और विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि आप जैसे विधायक कई आए और चले गए। कहा जा रहा है कि इसी कारण डॉक्टर को पद से हटाया गया है।

मामला जानकारी में आने के बाद जिलाधिकारी ने सीएमओ को जांच के आदेश दिए थे। निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. यादव को सीएचसी से हटाकर जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया। जांच पूरी होने तक वे वहीं रहेंगे।
निरीक्षण में फैली मिली थी गंदगी
विधायक बेदीराम शुक्रवार को बिना सूचना अस्पताल पहुंचे। अचानक निरीक्षण के दौरान उन्हें उपस्थिति रजिस्टर अधूरा मिला और कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर गायब थे। अस्पताल परिसर गंदगी से भरा था और मरीजों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव दिखा था।
इतना ही नहीं रसोई कई दिनों से बंद थी। मरीजों ने विधायक को बताया कि उन्हें बाहर से दवाएं और खाना खरीदना पड़ता है। सरकारी दवाओं की कमी और नाश्ते-भोजन की अनुपलब्धता को लेकर भी लोगों ने विधायक से शिकायत की थी।
ऐसे ही करते रहेंगे औचक निरीक्षण
निरीक्षण के बाद विधायक बेदीराम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्रवाई को गरीब मरीजों की जीत बताते हुए कहा कि अनियमितताओं पर सख्ती से निपटा जाएगा।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कदम व्यवस्था सुधारने के लिए उठाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को उचित सुविधा दिलाने के लिए वे लगातार ऐसे औचक निरीक्षण करते रहेंगे।
डॉक्टर बोले- ईमानदारी पर सवाल उठाना उचित नहीं
वहीं, डॉ. योगेंद्र यादव ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने केवल सच बोला और मरीजों की परेशानी उजागर की। उनका कहना है कि ईमानदारी पर सवाल उठाना उचित नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग देंगे।
हालांकि विभागीय अधिकारियों का मानना है कि विधायक के सामने उनकी प्रतिक्रिया अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है। इसी वजह से उन्हें जांच पूरी होने तक मुख्यालय से जोड़ा गया है।
सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय ने जानकारी दी कि जखनियां सीएचसी की जिम्मेदारी अब डॉ. अवधेश पासवान को सौंप दी गई है। वहीं डॉ. यादव को जिला मुख्यालय से जोड़ा गया है, जहां जांच टीम उनसे जवाब तलब कर रही है। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगा।












Click it and Unblock the Notifications