Ghaziabad: 3BHK फ्लैट, फिर क्यों एक कमरे में सोते थे 9 लोग? गाजियाबाद के ट्रिपल डेथ केस में बड़ा खुलासा
Ghaziabad Triple Death Case: भारत सिटी सोसाइटी की नौवीं मंजिल से गिरकर तीन सगी बहनों-पाखी (12), प्राची (14) और निशिका (16) की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जांच में इसे 'गेमिंग की लत' और 'मोबाइल छीनने' से उपजी नाराजगी का मामला बताया गया था। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने फ्लैट के बंद दरवाजों के पीछे झांका, कहानी पूरी तरह बदल गई।
एक 3BHK फ्लैट होने के बावजूद, घर के सभी 9 सदस्य एक ही कमरे में क्यों सिमटे हुए थे? जांच के दायरे में आए लड़कियों के पिता चेतन कुमार की दलीलें पुलिस के गले नहीं उतर रही हैं।

लगातार बयान बदल रहा लड़कियों का पिता
उसने अपनी शादियों को लेकर जो तर्क दिए, वे बुनियादी तर्कशक्ति की कसौटी पर भी फेल हो गए। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, 'कुमार (लड़कियों के पिता) लगातार बयान बदल रहे हैं। उन्होंने शुरू में टीना के साथ अपनी शादी की बात छिपाने की कोशिश की थी।'
बच्चों की उम्र ने खोली फर्जीदावों की पोल
कुमार ने दावा किया था कि उसकी पहली पत्नी गर्भधारण करने में सक्षम नहीं थी, इसलिए उसने दूसरी शादी की, लेकिन उसके बच्चों की उम्र इस दावे की पोल खोलती नजर आती है।
नाबालिगों के फोन में क्या मिला?
लड़कियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि उनकी मौत सिर में लगी गंभीर चोटों के कारण हुई। शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अतुल कुमार सिंह ने एनडीटीवी को बताया कि लड़कियों के साथ कोई यौन शोषण नहीं हुआ था। पुलिस ने नाबालिगों के फोन ट्रैक कर लिए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
उन आखिरी घंटों में क्या हुआ था?
दिलचस्प बात यह है कि इनमें से एक फोन घटना से महज 15 दिन पहले ही बेच दिया गया था। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट ही बताएगी कि उन आखिरी घंटों में आखिर हुआ क्या था।
तीन पत्नियां और एक ही कमरे का रहस्य
भारत सिटी सोसाइटी के उस 3-BHK फ्लैट की हकीकत चौंकाने वाली है। वहां चेतन कुमार, उसकी तीन पत्नियां-सुजाता, हिना और टीना- और उनके पांचों बच्चे एक ही कमरे में सोने को मजबूर थे। जांच में सामने आया कि पहली पत्नी सुजाता से उसकी एक बेटी और एक मानसिक रूप से दिव्यांग बेटा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सीमित संसाधन, भारी कर्ज और तंगहाली के कारण परिवार के सभी 9 सदस्य (चेतन कुमार, उसकी 3 पत्नियां और 5 बच्चे) एक ही कमरे में सिमट कर रहने को मजबूर थे।
मुस्लिम से हिंदू बनी टीना से 2023 में की शादी
एसीपी सिंह ने कहा, 'उसने बताया कि उसने हिना से शादी इसलिए की क्योंकि सुजाता गर्भधारण नहीं कर सकती थी।' कुमार के बयानों के मुताबिक, उसने सुजाता से 2010 में, उसकी बहन हिना से 2013 में और मुस्लिम से हिंदू बनी टीना से 2023 में शादी की। हालांकि, सुजाता की बड़ी बेटी की उम्र (16 वर्ष) उसके इन दावों को झुठलाती है।
बिना तलाक के 'सहमति' की शादियां
जब पुलिस से पूछा गया कि बिना तलाक दिए उसने तीन शादियां कैसे कीं, तो एसीपी ने कहा, 'महिलाओं ने स्पष्ट रूप से इन शादियों के लिए सहमति दी थी। किसी ने शिकायत नहीं की।' हिना से उसकी दो बेटियां (14 और 12 साल) थीं, जिन्होंने सुजाता की बड़ी बेटी के साथ नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी।
सबसे छोटी पत्नी टीना (22 वर्ष) के बारे में एसीपी ने कहा, 'उसने अतीत में कुमार के साथ जॉब की थी। अब तक यह सामने आया है कि दूसरी पत्नियां भी इस शादी के लिए राजी थीं।' टीना और चेतन की भी एक तीन साल की बेटी है।
गेमिंग की लत और 30 पन्नों की डायरी
पूछताछ के दौरान कुमार लगातार इसी बात पर अड़ा है कि उसकी बेटियां टास्क-आधारित कोरियन गेम्स की आदी थीं और फोन छीनने के कारण वे नाराज थीं। पुलिस को मौके से 30 पन्नों की एक डायरी भी मिली है, जिसमें कथित तौर पर लड़कियों ने जिक्र किया था कि कोरियन ड्रामा और के-पॉप म्यूजिक तक पहुंच बंद होने के कारण वे बहुत हताश थीं।
2018 का काला अतीत और आर्थिक बर्बादी
मामले में एक और सनसनीखेज मोड़ तब आया जब 2018 की एक घटना का जिक्र हुआ। सुजाता और हिना की एक और बहन, जो उस वक्त उनसे मिलने आई थी, घर की बालकनी से नीचे गिर गई थी। उस समय इसे एक हादसा मान लिया गया था और परिवार ने कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
इधर, पेशे से स्टॉकब्रोकर चेतन कुमार पर 2 करोड़ रुपये का भारी कर्ज है। पुलिस के अनुसार, आर्थिक तंगी इतनी थी कि बिजली का बिल भरने के लिए उसने अपनी बेटियों के मोबाइल तक बेच दिए थे और इसी कर्ज के बोझ के चलते उसने कोविड के बाद से बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications