सीतापुर: आदमखोर हुए कुत्तों ने लड़की और लड़के को बनाया शिकार, चार माह में 14 को मार डाला
सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में मंगलवार सुबह दो बच्चों को आदमखोर कुत्तों के झुंड ने नोंच-नोंच कर मौत के घाट उतार दिया। पहली घटना सुबह छह बजे के करीब क्षेत्र के टिकरिया गांव में हुई जहां 11 वर्ष की किशोरी और दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के गुरपलिया गाँव में हुई जहां 12 वर्ष के किशोर को कुत्तों के झुंड ने अपना शिकार बनाया।

बाग में हुआ दोनों पर हमला
क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी कैलाश नाथ की 11 साल की बेटी शामली सुबह बाग में जा रही थी, इस दौरान कुत्तों ने उसे घेर कर नोंचना शुरू कर दिया। शोर सुनकर लोग दौड़े तब जो कुत्ते भागे, पर शामली को नहीं बचा सके। थोड़ी देर बाद शामली ने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के गुरपलिया गांव में हुई। मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे आबिद अली का बारह साल का बेटा खालिद आम के बगीचे में जा रहा था। इस दौरान आदमखोर कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया। खालिद चिल्लाया तो गांव के लोग दौड़े। जब तक गांव के लोग पहुंचते खालिद की मौत हो चुकी थी।

जनवरी माह में एक किशोर हुआ था शिकार
इससे पूर्व जनवरी माह में इसी गांव के मोबीन के बारह साल के बेटे रहीम को कुत्तों ने नोच कर मौत के घाट उतार दिया था। चार माह में खैराबाद थाना क्षेत्र में चौदह बच्चों को आदमखोर कुत्ते मौत के घाट उतार चुके हैं और कई लोगों को घायल कर चुके है।












Click it and Unblock the Notifications