उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बीएल जोशी का निधन, AIIMS में लिया आखिरी सांस
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल बीएल जोशी (बनवारी लाल जोशी) का आज निधन हो गया। उनकी उम्र 81 साल थी और दिल्ली के AIIMS में उनका इलाज चल रहा था। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे और शुक्रवार की सुबह ही उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने शोक व्यक्त किया है और कहा है कि वो बेहद ही सौम्य स्वभाग के थे। उन्होंने अपने अनुभव से समय-समय पर प्रदेश का मार्ग दर्शन भी किया। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर निधन पर शोक व्यक्त किया।

आपको बता दें कि बीएल जोशी भारतीय राजनीति में जाने-माने चेहरों में से एक थे। वो देश के कई राज्यों के उप-राज्यपाल और राज्यपाल रह चुके थे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राजस्थान में जन्में जोशी के निधन की खबर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि जोशी के निधन की खबर से बेहद दुख पहुंचा है। गहलोत ने लिखा कि वो मेरे बेहद करीबी थे, उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
बीएल जोशी का परिचय
बीएल जोशी राजस्थान के नागौर जिले के छोटी खाटू में 27 मार्च 1936 को पैदा हुए। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई कोलकाता के स्कॉटिश चर्च कालेज से किया। इसके बाद विश्वविद्यालय विधि महाविद्यालय, कोलकाता से विधि में स्नातक किया। जोशी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर राजस्थान पुलिस में साल 1957 में शुरु की थी। इसके बाद वो पुलिस सेवा में अधिकारी भी रहे। साल 1991 में पुलिस की नौकरी छोड़ उन्होंने खुद को समाजिक कार्यों से जोड़ लिया। इसके बाद साल 1993 में यूएस गए जहां उन्होंने एक एनजीओ के साथ मिलकर समाजिक क्षेत्र में अहम काम भी किए। फिर साल 2000 में वो भारत वापस लौट आए। भारत वापस लौटने के साल ही उन्हें राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग का सदस्य भी बनाया गया। तो वहीं जोशी नेहरू-गांधी परिवार के साथ अपनी नजदीकियों के लिए भी पहचाने गए।
बीएल जोशी का राज्यपाल के तौर पर कार्यकाल बेहत खास रहा। वो उत्तर प्रदेश में 2009 से 24 जून, 2014 तक राज्यपाल रहे। इससे पहले 2004 से 2007 तक दिल्ली के लेफ्टिनेंट-गवर्नर रहे और फिर 2007 में मेघालय के राज्यपाल रहे। इसके बाद उत्तराखंड में अक्टूबर 2007 से जुलाई 2009 बतौर राज्यपाल रहे।












Click it and Unblock the Notifications